राज्यपाल के सामने मरीजों ने खोली डॉक्टरों की पोल, कहा- लिखी जाती हैं बाहर की दवाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यपाल के दौरे को लेकर सप्ताह भर से अधिक समय से संयुक्त जिला अस्पताल के रंग-रोगन से लेकर सब कुछ बढ़िया दिखाने की कवायद में जुटे जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महकमे की मंगलवार को मरीजों व तीमारदारों ने पोल खोल दी। मरीजों व तीमारदारों ने राज्यपाल को बताया कि यहां बाहर की दवाएं लिखी जाती हैं।
राज्यपाल को अस्पताल में नालियां भी खुली मिलीं। राज्यपाल अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य सुविधाओं व संसाधनों की व्यवस्था से असंतुष्ट व नाराज दिखीं। उन्होंने जिलाधिकारी को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
राज्यपाल आंनदी बेन पटेल मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर मुंशीगंज स्थित एचएएल कोरवा के हेलीपैड पर करीब सवा दस बजे हेलीकॉप्टर से उतरीं। वहां से वे केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ सड़क मार्ग से गौरीगंज के असैदापुर स्थित मलिक मोहम्मद जायसी संयुक्त जिला अस्पताल पहुंची।
अस्पताल में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार से प्रारंभ होने वाले कार्यक्रम हैप्पी मदर्स हेल्दी मदर्स स्वास्थ्य शिविर का फीता काटकर उद्घाटन किया। उसके बाद राज्यपाल ने अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने शल्य चिकित्सा कक्ष, टीकाकरण कक्ष, बाल रोग विशेषज्ञ, महिला रोग विशेषज्ञ चिकित्साधिकारी कक्ष में चिकित्सकों की ओर की किए जा रहे इलाज के साथ मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
राज्यपाल डेंगू वार्ड सहित अन्य वार्डों में गईं। मरीजों को फल वितरित कर उनका हाल जाना। अस्पताल में मरीजों से जानकारी मिली कि बाहर की दवाएं लिखी जाती हैं, जो महंगे दामों पर मिलती है। राज्यपाल को अस्पताल में नालियां खुली मिलीं। इस दौरान राज्यपाल अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य सुविधाओं व संसाधनों की व्यवस्थाओं से असंतुष्ट व नाराज दिखीं और उन्होंने जिलाधिकारी को इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
आयुष्मान योजना से जुड़े लाभार्थियों का जाना हालचाल
इसके बाद राज्यपाल केंद्रीय मंत्री के साथ असैदापुर में नवनिर्मित जिला अस्पताल परिसर पहुंची जहां उन्होंने परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौध रोपित किया। इसके बाद वे परिसर में आयोजित कार्यक्रम स्थल पहुंची, जहां उन्होंने आयुष्मान कार्ड के दस लाभार्थियों से उन्हें मिली सुविधाओं के बारे में जाना। साथ ही 20 अन्य लाभार्थियों को आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड वितरित किया।
उन्होंने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड के विषय में विस्तार से जानकारी दी तथा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रयास को सराहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार से संचालित आयुष्मान योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही है। बताया कि एक वर्ष में पांच लाख तक का निशुल्क इलाज इस कार्ड के माध्यम से सरकारी व संबद्ध अस्पतालों में हो सकता है।
इसके बाद राज्यपाल गौरीगंज के मुसाफिरखाना मार्ग पर राजगढ़ वार्ड में स्थित वृद्धजन आवास पहुंची। यहां बुजुर्गों से बातचीत कर यहां मिलने वाली सुविधाओं को जाना। राज्यपाल ने यहां बुजुर्गों को फल वितरित किया। रसोईघर, कमरों और लॉबी को देखा तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। यहां से निकल राज्यपाल जामों स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंची जहां उन्होंने बालिकाओं से शिक्षा के साथ ही अन्य मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी लेते हुए छात्रा ल्क्ष्मी, वैशाली गौतम, लक्ष्मी मिश्रा व शक्ति वर्मा से पकौड़ी बनाने तथा प्रयुक्त सामग्री के बारे में पूछा।
साफ-सफाई के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
राज्यपाल ने विद्यालय में साफ-सफाई के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री ने अपने निजी सचिव विजय गुप्ता को दीपावली के पूर्व मिठाई व शैक्षिक किट वितरित कराने का निर्देश दिया।
यहां के बाद राज्यपाल को जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव बगाही लोशनपुर स्थित अस्थाई गो आश्रय केंद्र का निरीक्षण करना था लेकिन वहां बिना रुके एचएएल के लिए रवाना हो गईं।