दुल्हन पर एसिड अटैक होने के बाद टल गई शादी
तेजाब के हमले में झुलसी युवती के शादी के सपने टूट गए हैं। रविवार को प्रस्तावित उसका तिलक समारोह टल गया है।
जिला अस्पताल में रविवार को युवती का पिता फफककर रो पड़ा। बोला, बेटी अस्पताल में भर्ती है तो शादी कैसे हो सकती है।
वर पक्ष भी लड़की के ठीक होने पर शादी करने की बात कह रहा है। बेटी ठीक हो जाएगी तो दूसरी तारीख तय करके शादी की जाएगी।
घटना के चलते जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां लोगों के चेहरे पर मायूसी छाई है।
सिरफिरे आशिक ने डाला था तेजाब
मालूम हो कि सलोन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती पर एक सप्ताह पहले तेजाब डाल दिया गया था, जिससे वह झुलस गई थी। उसका जिला अस्पताल में अभी भी इलाज चल रहा है।
उसकी शादी डीह थाना क्षेत्र के एक गांव से तय थी। तीन मई को तिलक होना था, जबकि शादी की तारीख नौ मई तय थी। युवती के पिता ने पुलिस के खुलासे पर सवाल उठाए हैं।
उसका कहना है कि पुलिस ने तेजाब हमले में गांव के ही कोटेदार को गिरफ्तार करके जेल भेजा है, जबकि आरोपी बब्बू है।
उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने उसे क्लीनचिट दे दी है।