{"_id":"68876a2c020e3617f50f756e","slug":"fraud-lucknow-news-c-13-1-lko1096-1313190-2025-07-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News: प्लॉट और मकान के नाम पर दो लोगों से 14.31 लाख की ठगी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News: प्लॉट और मकान के नाम पर दो लोगों से 14.31 लाख की ठगी
विज्ञापन
विज्ञापन
- आरोपियों ने विरोध पर महिला से की छेड़छाड़
- मोहनलालगंज और वजीरगंज पुलिस ने दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। ठगों ने प्लॉट और मकान के नाम पर युवक व महिला से 14.31 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों पर महिला से छेड़छाड़ का भी आरोप है। पीड़ितों ने मोहनलालगंज और वजीरगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
गोसाईगंज के मोदी नगर निवासी अर्जुन सिंह के मुताबिक 2023 में उनका अनिल कुमार से उसके मोहनलालगंज के बहरोली में स्थित प्लॉट खरीदने का 9.30 लाख में सौदा तय हुआ था। प्लॉट का इकरारनामा होने पर अर्जुन ने उसे नौ लाख दे दिए थे। बीते सात फरवरी को जब उन्होंने अनिल से रजिस्ट्री की बात कही तो वह टालमटोल करने लगा। जांच करने पर पीड़ित को पता चला कि जिस जमीन का सौदा हुआ था उसकी रजिस्ट्री आरोपी ने बीते दस फरवरी को सुशांत गोल्फ सिटी निवासी ऋषि सिंह के नाम कर दी है। ठगी में दिग्विजय सिंह व नरेश कुमार भी शामिल हैं। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, मगर कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने डीसीपी दक्षिणी से शिकायत की। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज डीके सिंह के मुताबिक अनिल, ऋषि, दिग्विजय और नरेश पर केस दर्ज कर दिया। उधर, यहियागंज निवासी महिला के मुताबिक 2020 में वह मकान खरीदना चाहती थीं। इस संबंध उनकी मुलाकात नौशाद व उसकी पत्नी मोना से हुई। दोनों ने बताया कि राशिद खान हरदोई रोड पर अपना मकान बेचना चाहता है। ऐसे में पीड़िता ने राशिद का मकान खरीदने की हामी भर दी। सौदा 6.50 लाख में तय हुआ, जिसमें से पीड़िता ने राशिद को 5.31 लाख दे दिए। मगर आरोपियों ने पूरा भुगतान होने पर ही रजिस्ट्री करने की बात कही। पीड़िता का आरोप है कि 2024 में उन्हें पता चला कि जिस मकान के नाम पर राशिद ने उनसे रकम ली वह उसका है ही नहीं। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनसे छेड़छाड़ की। इससे आहत पीड़िता ने डीएम से शिकायत की। उनके आदेश पर वजीरगंज पुलिस ने नौशाद, मोना और राशिद पर केस दर्ज किया। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है।
विज्ञापन