Ayodhya: एसयूवी ने दो बाइकों में मारी टक्कर, चार युवकों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने एसयूवी फूंकी
अयोध्या जिले के हैदरगंज थाना में एक एसयूवी ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में चार की मौत हो गई।
विस्तार
हैदरगंज थाना क्षेत्र के चौरे बाजार - हैदरगंज मार्ग पर पाराराम गांव के पास शुक्रवार शाम सड़क दुर्घटना में बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। चारों युवक होली पर रंग खेलकर आ रहे थे। मृतक बाइक सवार युवक हैदरगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं। घटनास्थल पर पहुंचे आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना करने वाली एसयूवी में आग लगा दी और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस स्थिति को संभालने में जुटी रही।
हैदरगंज की तरफ से एसयूवी चौरे बाजार की तरफ जा रही थी। इसी दौरान एसयूवी चालक ने एक साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से साइकिल चालक पाराराम निवासी अंकित (20) घायल हो गए। वहां पर मौजूद होली खेलने आए कुछ लोगों ने बाइक से दुर्घटना करके भाग रही एसयूवी का पीछा किया। दुर्घटना करके भाग रहे एसयूवी चालक ने घबराहट में दो बाइकों में टक्कर मार दी। इसके चलते दोनों बाइक में आग लग गई और बाइक धू धू करके जलने लगीं।
दोनों बाइक पर सवार चारों युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद एसयूवी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। चालक कूद कर मौके से फरार हो गया। बताया गया कि मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आक्रोश जताया और एसयूवी में आग लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह, सीओ पियूष पाल, नायब तहसीलदार रामखेलावन के अलावा बीकापुर कोतवाली, तारुन और थाना हैदरगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करने में जुट गए।
हादसे में राम केवल (50), इंद्रजीत (32), राम सजीवन (42) निवासी पाराराम, थाना हैदरगंज, अयोध्या और जेठू निवासी नया पुरवा, सुल्तानपुर की मौत हो गई। आरोपी एसयूवी चालक भास्कर उपाध्याय निवासी बैसुपाली, थाना हैदरगंज, अयोध्या को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसयूवी की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी घायल, बेटे की मौत
अयोध्या जिले की एक अन्य घटना में अयोध्या - रायबरेली हाईवे पर पूराकलंदर थाना क्षेत्र के चंद्रभान पाठक का पुरवा के पास शुक्रवार को एसयूवी की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी घायल हो गए। जबकि उनके 10 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। एसयूवी तेज रफ्तार से कुमारगंज की तरफ जा रही थी। इसने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। बाइक पर सवार सरियावां के बेलदार पुरवा निवासी रामसेवक और उनकी पत्नी घायल हो गए। जबकि 10 वर्षीय बेटे कुणाल की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजवाया। दुर्घटना करने वाली एसयूवी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।