UP News: जंगल में टैंकर से पेट्रोल चुराते गिरोह के पांच गुर्गे गिरफ्तार... दो साथी फरार; कई भरे हुए ड्रम बरामद
लखनऊ में तेल टैंकर से पेट्रोल चुराने वाले गैंग के पांच गुर्गों को पुलिस, आबकारी और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। गिरोह चोरी का पेट्रोल अलग-अलग इलाकों में बेचता था। आरोपी खाली टैंकर में केमिकल भर देते थे।
विस्तार
राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में शनिवार को तेल टैंकर से ब्लेंडेड पेट्रोल चुराते गिरोह के पांच गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई पुलिस, आबकारी विभाग और खाद्य एवं रसद विभाग की संयुक्त टीम ने मिलकर की। आरोपियों के दो साथी भाग निकले। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से केमिकल भरे 200 लीटर वाले 38 ड्रम, पेट्रोल व डीजल से भरे कई ड्रम, एक जनरेटर, एक मोटर लगी फिलिंग मशीन, टैंकर (सीजी 10 बीएस7183), एसयूवी, पिकअप और बाइक मिली है।
इंस्पेक्टर राजदेवराम प्रजापति ने बताया कि शनिवार रात में सूचना मिली कि टीएस मिश्रा अस्पताल के पास अनौरा रोड जंगल में तेल टैंकर से पेट्रोल चोरी किया जा रहा है। उन्होंने आबकारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह और खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर छापा डाला।
ये भी पढ़े- UP: पहले पीटा... फिर घोंट दिया गला, पिता की समाधि को अर्पित की लाश; मौत का बदला लेने को बेटे ने खेला खूनी खेल
पांच गिरफ्तार... दो फरार
अनौरा के अजय यादव, ओम प्रकाश यादव, आजादनगर के मिराजुद्दीन, जौनपुर के सरपतहा वासुपुर निवासी जगदीप प्रजापति और सरोजनीनगर के अरुण कुमार को गिरफ्तार किया। मौके से टैंकर चालक आजमगढ़ के फूलपुर अमभारी निवासी सोनू बिंद और एक युवक भाग निकला।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि सोनू बिंद अमौसी स्थित एचपीसीएल डिपो से तेल लेकर निकला था। रास्ते में गैंग के अन्य गुर्गों के साथ मिलकर टैंकर से पेट्रोल निकालकर ड्रम में भर लेते थे। फिर खाली हुए टैंकर में उन्नाव से खरीदा गया केमिकल डाल देते थे।
ये भी पढ़े- यूपी: अवध के कई जिलों में गिरे ओले, पूर्वांचल में चार मौतें; आज कई इलाकों में हो सकती है बारिश, सीएम योगी ने दिए ये निर्देश
टैंकर से निकाला गया पेट्रोल काकोरी के मोहम्मदा, चकौली और बेहटा इलाके में बेच देते हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी ओम प्रकाश पहले भी इसी मामले में पकड़ा जा चुका है। आरोपियों ने नादरगंज में गोदाम बना रखा है। पुलिस ने उक्त गोदाम पर छापा डाला तो डीजल व पेट्रोल से भरे और खाली कई ड्रम बरामद किए।
बरामद केमिकल के नमूने जांच के लिए भेजे
इंस्पेक्टर ने बताया कि तलाशी में टैंकर के केबिन से फाइल बरामद हुई। फाइल चेक करने पर पता चला कि टैंकर में ब्लेंडेड पेट्रोल था और उससे संबंधित दो सेल्स इनवॉइस की चार-चार प्रतियां बरामद हुईं। टैंकर में कुल 20 हजार लीटर ब्लेंडेड पेट्रोल पेट्रोल भरा हुआ है।
फाइल जांचने पर पता चला कि टैंकर मालिक छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का शिव प्रकाश गुप्ता है। बरामद केमिकल के नमूने फोरेंसिक प्रयोगशाला को भेज दिए गए हैं। मामले में इंस्पेक्टर की तरफ से चोरी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
इसे एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) भी कहते हैं। यह पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण होता है जो पर्यावरण को कम नुकसान पहुंचाने में मदद करता है। ब्लेंडेड पेट्रोल का उपयोग विभिन्न प्रकार के वाहनों में जैसे कि कार, बाइक, और अन्य मोटर वाहनों में ईंधन के रूप में किया जाता है। यह साधारण पेट्रोल की तुलना में कम प्रदूषणकारी होता है।