चुनावी महासमर के पहले दौर में रिकार्ड वोटिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री चौ. अजित सिंह, पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वी.के. सिंह, भाजपा विधानमंडल दल के नेता हुकुम सिंह, फिल्म अभिनेता राज बब्बर, अभिनेत्री जया प्रदा व नगमा समेत 146 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीए में कैद हो गई।
प्रदेश में पहले दौर में हुई जबरदस्त वोटिंग ने इस बात के संकेत दे दिए हैं कि इस बार देश की सबसे बड़ी पंचायत के लिए मतदाता अपना नुमाइंदा चुनने को लेकर खासे गंभीर हैं और वोटिंग का यह सिलसिला आगे के चरणों में भी बरकरार रहने की उम्मीद है।
वोटरों में उत्साह तो मतदान का बहिष्कार भी
दंगे को लेकर सुर्खियों में आए मुजफ्फरनगर तथा आसपास के इलाकों में भी लोगों में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह रहा।
यहां 68 फीसदी से ज्यादा वोटरों ने मतदान किया। अलीगढ़ व सहारनपुर के चार पोलिंग स्टेशनों पर मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया।
पहले चरण में सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर व अलीगढ़ संसदीय सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले गए।
इन संसदीय क्षेत्रों में औसतन 65.95 प्रतिशत वोटिंग हुई है। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान का दावा किया है।
ग्रामीण वोटरों ने दिखाई अधिक रूचि
मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थीं। युवाओं व महिलाओं में वोटिंग को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया।
शहरी क्षेत्रों के मुकाबले ग्रामीण इलाकों में वोटरों में ज्यादा उत्साह दिखाई दिया।
प्रत्याशी और उनके समर्थक सुबह से वोटरों से संपर्क करके उन्हें मतदान के लिए निकालने में जुटे थे।
प्रमुख दलों के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में ज्यादा से ज्यादा वोट डलवाने की होड़ लगी थी।
दोपहर को धीमा हुआ मतदान
दोपहर 12 बजे तक तो मतदान केंद्रों पर काफी संख्या में वोटर पहुंच रहे थे पर दोपहर को मतदान कुछ धीमा हो गया।
अपराह्न तीन बजे से छह बजे के बीच फिर मतदान केंद्रों पर गहमागहमी रही। शाम छह बजे मतदान का समय समाप्त होने तक बहुत से मतदान केंद्रों पर वोटरों की कतारें लगी थीं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने बताया कि पहले चरण में 1.74 करोड़ में से 1.12 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान शुरू होने केबाद 53 ईवीएम खराब होने की शिकायत मिली जिसे बाद में दुरुस्त कराकर वोटिंग शुरू कराई गई।