'साजिश की आग' में जलीं शिक्षा अभियान की फाइलें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर्व शिक्षा निदेशालय के राज्य परियोजना निदेशालय में रविवार की सुबह लगी आग से लेखा व ऑडिट विभाग की सभी फाइलें समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन घटना स्थल पर मौजूद विभागीय लोगों ने इसमें किसी साजिश होने की आशंका जताई है।
आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सर्व शिक्षा अभियान का राज्य परियोजना निदेशालय निशातगंज में है। गार्ड एमएम खान को सुबह 8 बजे निदेशालय के दूसरी मंजिल से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। उसने इसकी सूचना फायर स्टेशन व पुलिस को देने के साथ अधिकारियों को दी। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचीं दूसरी मंजिल का एक हिस्सा धू-धू करके जलने लगा।
फायर ब्रिगेड की कुल छह गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। विभागीय जानकारों की मानें तो दूसरी मंजिल के लेखा और ऑडिट विभाग के कमरों में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से काफी संख्या में फाइलें और फर्नीचर के साथ अन्य सामान जलकर राख हो गए।
10 दिन में देनी होगी रिपोर्ट
सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशालय के दूसरी मंजिल पर लेखा और ऑडिट विभाग के दस्तावेजों में जिस तरह आग लगी है, उससे साजिश की बू आ रही है। परियोजना निदेशालय में तो इसकी चर्चा भी खूब हुई। कुछ कर्मचारी तो यह भी चर्चा कर रहे थे कि अवकाश के दिन बिजली पर अधिक लोड नहीं था, ऐसे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने पर सवाल उठना लाजिमी है।
इसके अलावा आग जहां लगी है वह लेखा और ऑडिट के कागजात रखे जाते हैं। आग से दस्तावेज जल गए हैं। लेखा और ऑडिट विभाग के कमरा अपने-आप में काफी महत्वपूर्ण होता है।
जांच कमेटी बनाई गई
परियोजना निदेशालय में आग लगने की सूचना मिलते ही सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता व सर्व शिक्षा अभियान की राज्य परियोजना निदेशक कुमुदलता श्रीवास्तव समेत काफी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
राज्य परियोजना निदेशक ने बताया कि आग लगने की घटना की जांच के लिए अपर राज्य परियोजना निदेशक विवेक वार्ष्णेय की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई है जो 10 दिन के अंदर रिपोर्ट देगी।
प्रभावित हो सकती हैं योजनाएं
लेखा और ऑडिट विभाग में आग से कितना नुकसान हुआ इसका आकलन तो तुरंत नहीं किया जा सका है, लेकिन यह आशंका जरूर जताई गई है कि कुछ महत्वपूर्ण फाइलें जल सकती हैं।
विभागीय अधिकारी सिर्फ इतना कह रहे हैं कि सोमवार को कार्यालय खुलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि प्रस्तावों से जुड़ी फाइलें जलती हैं तो योजनाएं जरूर प्रभावित हो सकती हैं।
सर्व शिक्षा अभियान से संविदा के आधार पर शिक्षा मित्र, निशक्त बच्चों को शिक्षित करने के लिए शिक्षक, कंप्यूटर ऑपरेटर, सहायक लेखाकार भी रखे गए हैं। इनसे जुड़ी फाइलों के जलने पर इनको मानदेय मिलने में भी देरी हो सकती है।