शोहदों को 1090 कहेगा, हैप्पी न्यू ईयर, आप पर है नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लड़कियों और महिलाओं को फोन कर छेड़छाड़ करने वालों को चेताने के लिए 1090 वुमेन पावरलाइन अनोखी पहल करने जा रहा है। सूबे में करीब 11 लाख ऐसे पेस्की कॉलर्स को 1090 एसएमएस भेज कर हैप्पी न्यू ईयर विश करेगा।
साथ ही चेताएगा कि उनका नंबर अभी पुलिस के पास सेव है। अगर वे फिर किसी लड़की या महिला को फोन पर परेशान करेंगे तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
1090 वुमेन पावर लाइन प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि 15 नवंबर 2012 को उदघाटन के बाद से अब तक करीब तीन वर्ष में 1090 पर करीब 5 लाख लड़कियों और महिलाओं की शिकायतें आ चुकी हैं। इन शिकायतों में 11 लाख लोगों या कहें फोन नंबरों का जिक्र था।
एक हजार से भी कम केस दर्ज हुए
इन सभी नंबरों पर पावर लाइन ने कॉल कर उन्हें दोबारा परेशान न करने की चेतावनी दी थी। पावर लाइन पर दर्ज इन पांच लाख शिकायतों में से 1 हजार से भी कम शिकायतों में केस दर्ज करवाने की नौबत आई है। बाकियों ने पुलिस के समझाने या सख्त चेतावनी देने के बाद शिकायत का मौका नहीं दिया।
दूसरी ओर इन शिकायतों के चलते दर्ज होते गए फोन नंबरों का आंकड़ा 11 लाख पहुंच चुका है। इन नंबरों को पुलिस ने अपने रिकॉर्ड में रखा हुआ है। वजह है कि अगर फिर से इनके खिलाफ कोई शिकायत आती है तो उन्हें काउंसलिंग के बजाय, दूसरे लेवल पर जाकर समझाया जाएगा यानी सख्त कार्रवाई की चेतावनी मिलेगी।
राघवेंद्र सिंह के अनुसार पिछले तीन वर्षों में जिन नंबरों के खिलाफ शिकायत आई, वे अगर यह समझ बैठे हों कि पुलिस उन्हें भूल गई है, तो ऐसा नहीं है। यह याद दिलाने के लिए उन्हें ‘हैप्पी न्यू ईयर’ विश किया जाएगा। यह इशारा होगा कि यूपी पुलिस के पास उनका नंबर सेव है और फिर से वो गलती न करें, जिसकी वजह से नंबर सेव किया गया था।
वैलेंटाइन व फ्रेंडशिप-डे जैसे मौकों पर भी करेंगे विश
वैलेंटाइन डे और फ्रेंडशिप डे जैसे मौकों पर इन 11 लाख लोगों को (भविष्य में संख्या बढ़ सकती है) को पावर लाइन न्यू ईयर की तरह ही विश करेगा। इस दौरान भी इन सभी को चेतावनी दी जाएगी।
अनूठा रिकॉर्ड
11 लाख से अधिक लोगों को एक साथ किसी संगठन की ओर से विश किया जाना अपने आप में एक रिकॉर्ड माना जा रहा है। संख्या बल और डील किए जाने वाले अपराधों के अनुसार यूपी पुलिस को दुनिया की सबसे बड़ी संघीय पुलिस फोर्स कहा जाता है। उसकी ओर से भेजे जाने वाले यह ‘हैप्पी न्यू ईयर ’संदेश अपने आप में एक रिकॉर्ड होंगे।
पावर लाइन : फिगर्स
लखनऊ से 95 हजार शिकायतें दर्ज हुई हैं, इनमें करीब 50 हजार शिकायतें स्कूल कॉलेज जाने वाली लड़कियों ने दर्ज करवाई हैं।
यूपी से 4.90 लाख शिकायतें दर्ज करवाई जा चुकी हैं।
तीन वर्ष 1090 पावर लाइन को शुरू हुए हो चुके हैं।