एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही विमान में आई खराबी, बाल-बाल बचे 176 यात्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ से मुंबई जाने वाली गो एयर की फ्लाइट में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। उड़ान भरने के बाद विमान में तकनीकी खराबी आ गई। आनन-फानन में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में 176 यात्री सवार थे। नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर खूब हंगामा किया।
दरअसल, शुक्रवार को अमौसी एयरपोर्ट पर गो एयर की फ्लाइट संख्या जी8-398 ने मुंबई के लिए उड़ान भरी। फ्लाइट रवाना होने के ठीक 15 मिनट बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोलर से पायलट ने एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी आने के कारण विमान को लैंड कराने की बात कही।
सूचना तत्काल एयरपोर्ट व एयरलाइंस अधिकारियों को दी गई। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन में हड़कम्प मच गया और आनन-फानन में विमान को वापस टैक्सी-वे पर लैंड कराया गया। हंगामा कर रहे यात्रियों ने विमान कंपनी के खिलाफ एयरपोर्ट प्रशासन से शिकायत की।
उधर एयरलाइंस के अधिकारी यात्रियों की नाराजगी दूर करने का काफी देर तक प्रयास करते रहे। किसी तरह उन्हें समझा-बुझा कर शांत कराया गया। कुछ देर बाद एयरलाइंस ने उनको मुम्बई भेजने का बंदोबस्त किया। यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था कर फ्लाइटों से मुंबई रवाना किया गया।
इंजीनियरों के छूटे पसीने, नहीं दूर हुई खराबी
उधर विमान को टैक्सी वे पर खड़ा करने के बाद इंजीनियरों की टीम पहुंची। तकनीकी खामी को दुरुस्त करने का भरसक प्रयास किया गया, पर, देर शाम फ्लाइट की खराबी को दूर नहीं किया जा सका। विमान को ठीक करने में इंजीनियरों के पसीने छूट गए। दिक्कत दूर नहीं हुई, जिससे विमान एयरपोर्ट पर ही खड़ा रहा।
अफसरों के हाथ-पांव फूले
एयरपोर्ट स्टाफ ने बताया कि जब गो एयर के विमान में तकनीकी खराबी की सूचना एयरपोर्ट पर पहुंची तो अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए थे। हड़कंप मच गया और जैसे-तैसे स्थिति पर काबू पाने के प्रयास शुरू हो गए। खैर, हादसा टल गया, जिससे अधिकारियों की जान में जान आ गई।
कई यात्रियों ने रद्द किया जाना
एयरपोर्ट पर विमान के सकुशल लैंड करने केबाद नाराज यात्रियों में से कईयों ने अपनी फ्लाइट ही कैंसिल करवा दी तो कुछ पैसेंजरों ने शनिवार को मुंबई जाने के लिए एयरलाइंस से टिकट लिया। जिन यात्रियों ने टिकट कैंसिल कराया, उन्होंने बताया कि जब विमान में तकनीकी खराबी के चलते लैंडिंग की अनाउंसमेंट हुई तो सांसें हलक में अटक गई थीं।