UP: अंसल के दिल्ली, लखनऊ और गाजियाबाद के ठिकानों पर ईडी का छापा, मालिक के आवास पर भी पहुंची टीम
निवेशकों की रकम हड़पने के मामले में अंसल पर कार्रवाई जारी है। बुधवार को ईडी की टीम ने कंपनी के दिल्ली, लखनऊ और गाजियाबाद के ठिकानों पर छापेमारी की।
विस्तार
निवेशकों की रकम हड़पने के आरोपी अंसल एपीआई ग्रुप के दिल्ली, लखनऊ और गाजियाबाद के 9 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को छापा मारा। ईडी की टीम नोएडा में कंपनी के मालिक प्रणव अंसल के आवास पर भी गई थी, लेकिन वह मौजूद नहीं थे। वहीं राजधानी में सुशांत गोल्फ सिटी स्थित काॅरपोरेट ऑफिस को भी खंगाला जा रहा है। ईडी के अधिकारी केंद्रीय सुरक्षा बल के साथ दिल्ली के सात तथा लखनऊ व गाजियाबाद में एक-एक ठिकाने पर दस्तावेजों की छानबीन कर रहे हैं और कंपनी संचालकों से पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि ईडी ने करीब तीन साल पहले अंसल ग्रुप के खिलाफ दर्ज मुकदमों की जांच शुरू की थी, लेकिन अचानक मामला रफा-दफा हो गया था। अप्रैल के पहले सप्ताह में आयकर विभाग द्वारा कंपनी के ठिकानों पर छापे मारे जाने के बाद ईडी ने भी कार्रवाई की है। इससे पहले ईडी ने लखनऊ विकास प्राधिकरण से कंपनी के प्रोजेक्ट्स से संबंधित दस्तावेज भी मांगे थे। ईडी के अधिकारी दिल्ली और लखनऊ में कंपनी के निदेशकों से पूछताछ कर रहे हैं।
दरअसल, अंसल एपीआई के खिलाफ सैकड़ों निवेशकों ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है, जिसके बाद जांच एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं। सूत्रों की मानें तो ईडी के अधिकारी खासकर अंसल ग्रुप की उन 148 कंपनियों के बारे में छानबीन कर रहे हैं, जिनके जरिये निवेशकों की रकम को विदेश भेजा गया था।