भाजपा प्रत्याशी के ड्राइवर की बेरहमी से हत्या, प्रेमप्रसंग में हत्या का शक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीकेटी में बृहस्पतिवार की रात हत्यारों ने भाजपा प्रत्याशी के ड्राइवर की नृशंस हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया। हमलावरों ने पहले युवक का गला काटा और बाईं आंख फोड़ दी। इतने से मन नहीं भरा तो माथे पर दो गोलियां मार फरार हो गए।
शुक्रवार की सुबह झाड़ी में शव मिलने की सूचना से इलाके में दहशत फैल गई। युवक के पिता ने एक स्थानीय निवासी के रिश्तेदार लालू व उसके पांच साथियों पर हत्या का केस दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि महीपतपुर में सरकारी नलकूप के पास झाड़ियों में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिला। धारदार हथियार से उसका गला काटा गया था और माथे व चेहरे पर चोट थी।
आसपास खून फैला था और संघर्ष के निशान थे। कुछ दूरी पर एक हवाई चप्पल, अंग्रेजी शराब व पानी की खाली बोतल पड़ी मिली। शव की शिनाख्त गांव छोटी देवरई निवासी पुष्कर सिंह उर्फ आलोक (26) के रूप में हुई। वह नगर पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी अरुण सिंह उर्फ गप्पू का वाहन चालक था।
हत्या की खबर पर पहुंचे पिता नारायण सिंह ने गांव देवरई के एक व्यक्ति के रिश्तेदार लालू व उसके चार-पांच साथियों पर हत्या का केस दर्ज कराया है। आलोक का मोबाइल फोन गायब है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने आलोक का गला काटने व माथे पर दो गोलियां मारकर हत्या की पुष्टि की। इसके अलावा उसकी बाई आंख भी फोड़ी गई थी। कातिलों से संघर्ष की आशंका के चलते आलोक के हाथ के नाखून सुरक्षित किए जाने की बात कही है।
खोजी कुत्ते ने काटे कई घरों के चक्कर
हत्या की सूचना पर एएसपी ग्रामीण डॉ. सतीश कुमार व सीओ बीकेटी संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वॉयड बुलाकर तहकीकात शुरू कराई। झाड़ियों के आसपास की गंध सूंघने के बाद खोजी कुत्ते ने कई घरों के चक्कर काटे और लौट आया।
खून से लाल था हौज का पानी, सुबूत मिटाने की भी कोशिश
नलकूप के हौज के पानी में खून मिला। अंदेशा है कि वारदात अंजाम देने के बाद कातिलों ने हौज में हाथ धोए। इसके अलावा तीन स्थान पर पुआल जलाकर सुबूत मिटाने की कोशिश की गई थी। माना जा रहा है कि नलकूप के पास बैठकर शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर आलोक का साथियों से विवाद हुआ। इस पर उसकी हत्या कर दी गई।
आक्रोशित परिवारीजनों का हंगामा
झाड़ियों में आलोक का खून से लथपथ शव पड़ा देखकर पिता नारायण सिंह रो पड़े। परिवार के अन्य लोगों के साथ आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया। एएसपी व सीओ ने उन्हें कातिलों को जल्द पकड़ने का आश्वासन देकर शांत कराया। पिता ने किसी रंजिश से इन्कार किया है। नारायण सिंह ने बताया कि अविवाहित आलोक बृहस्पतिवार शाम चार बजे चुनाव प्रचार करके घर लौटा था। वह बुखार से तप रहा था। दवा खाकर दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर कॉल की तो मोबाइल बंद था।
दोस्त ने दिया सुराग, प्रेमप्रसंग की भी पड़ताल
आलोक की हत्या की खबर पर पहुंचे रामपुर देवरई निवासी दोस्त मनीष ने पुलिस को जानकारी दी कि आलोक ने रात 8:10 बजे उसे कॉल की थी। बताया कि कस्बे की मॉडल शॉप पर लालू व उसके साथियों के साथ बैठा है। पुलिस ने गांव छोटी देवरई निवासी एक व्यक्ति के रिश्तेदार लालू की तलाश शुरू की है। पिता नारायण सिंह द्वारा किसी रंजिश से इन्कार पर सीओ संतोष कुमार सिंह ने इंस्पेक्टर बीकेटी को आलोक के मोबाइल का कॉल डिटेल खंगालने के आदेश दिए। प्रेमप्रसंग के बिंदु पर भी जांच करने को कहा। इसके साथ लालू के मोबाइल की लोकेशन चेक किया जाएगा।
शव के पास बिलखता रहा परिवार
नारायण सिंह ने बताया कि पहली पत्नी से एक पुत्र व एक पुत्री है। दूसरी पत्नी से चार बेटे हैं, आलोक इनमें से एक है। मिलनसार स्वभाव के आलोक के शव के पास उसके भाई मुन्ना, मोनू, मनु, छोटे व परिवार के अन्य लोग बिलखते रहे। पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत कराकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।