जातीय जनगणना: उपमुख्यमंत्री केशव बोले, अखिलेश की मांग केवल एक ढोंग है, 2024 में उन्हें कोई लाभ नहीं होगा
सपा द्वारा यूपी के ब्लॉक स्तर पर जातीय जनगणना के मुद्दे को लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा कि अखिलेश ये सब सिर्फ 2024 के चुनाव के लिए कर रहे हैं। इससे उन्हें कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाल 2024 में वही होगा जो 2019 में सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस गठबंधन का हुआ था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा द्वारा प्रदेश में ब्लॉक स्तर पर जातीय जनगणना शुरू करने के अभियान को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सपा 2024 के लोकसभा चुनाव में लाभ के लिए केवल ढोंग कर रही है जब सरकार में थे तब उन्होंने कुछ नहीं किया।
उन्होंने तंज कसते हुए ट्वीट किया कि सपा की जातीय जनगणना की बात केवल ढोंग है। जब सरकार में थे तब मौनी बाबा बने रहे। अब 2024 में चुनावी लाभ के लिए जातीय जनगणना की मांग कर रहे हैं। अखिलेश यादव समाप्त हो रही सपा को बचाने के लिए अध्यक्ष पद किसी और को सौंप दें और जातिगत न्याय की शुरुआत संगठन से करें फिर ये बात करें।
उन्होंने बिहार में जातीय जनगणना पर कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाल 2019 में यूपी के (सपा बसपा कांग्रेस रालोद ) भाजपा के खिलाफ नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए किए गठबंधन से भी खराब होगा। जनता ने मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए 51 प्रतिशत वोट के साथ 64 सांसद दिए थे।
जातीय जनगणना की बात केवल ढोंग है,जब सरकार में थे तब मौनी बाबा अब बाहर तब माँग केवल 2024में चुनावी लाभ के लिए है जो नहीं मिलेगा,
पहले @yadavakhilesh जी समाप्त हो रही सपा का बचाने को अध्यक्ष पद किसी और को सौंप जातिगत न्याय की शुरुआत संगठन से करें फिर ये बात करें।#2024_फिर_से_मोदी— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) February 19, 2023
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी का हाल 2019 में यूपी के (सपा बसपा कांग्रेस रालोद )भाजपा के खिलाफ मोदी जी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए किए गठबंधन से भी ख़राब होगा,जनता ने मोदी जी प्रधानमंत्री बनाने को 51%वोट के साथ 64 सांसद दिया!#2024_फिर_से_मोदी
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) February 19, 2023
सपा जातीय जनगणना को लेकर ब्लॉकवार अभियान शुरू करेगी। यह अभियान सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में चलेगा। पहले चरण में 24 फरवरी से पांच मार्च तक विभिन्न जिलों में संगोष्ठी एवं अन्य कार्यक्रम होंगे।
सपा जातीय जनगणना का मुद्दा लगातार उठाती रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान घोषणा पत्र में भी इसे शामिल किया गया था। अब पार्टी इस मुद्दे को लेकर ब्लॉकवार अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत लोगों को समझाया जाएगा कि प्रदेश में इसकी जरूरत क्यों है, भाजपा इस मुद्दे से पीछे क्यों हट रही है? सपा की अभियान के तहत 24 व 25 फरवरी को वाराणसी, 26 व 27 फरवरी को सोनभद्र, 28 फरवरी और एक मार्च को मिर्जापुर, दो व तीन मार्च को भदोही और चार व पांच मार्च को प्रयागराज में संगोष्ठी होगी।