डॉ. आंबेडकर की पुण्यतिथि व मायावती का जन्मदिन बड़े स्तर पर मनाएगी बसपा, निर्देश जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बसपा सुप्रीमो मायावती ने छह दिसंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि व 15 जनवरी को अपना जन्मदिन बड़े स्तर पर मनाने का निर्देश दिया है। डा. आंबेडकर पुण्यतिथि का मुख्य कार्यक्रम डॉ. भीमराव आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल में आयोजित होगा। यहां पूरे लखनऊ मंडल से पार्टी कार्यकर्ता आएंगे।
मायावती ने रविवार को बसपा प्रदेश मुख्यालय पर यूपी छोड़ देश भर के जिम्मेदार पदाधिकारियों व नेताओं को संबोधित किया। यहीं हर वर्ष मनाए जाने वाले इन कार्यक्रमों का एलान किया। उन्होंने छह दिसंबर को सेक्टर स्तर पर डॉ. आंबेडकर की पुण्यतिथि कार्यक्रमों में संगोष्ठी का आयोजन करने को कहा है। इन संगोष्ठियों में बड़े पैमाने पर लोगों को जुटाने और डॉ. आंबेडकर द्वारा बहुजन समाज के हाथों में सत्ता की मास्टर चाभी लाने के प्रयासों की चर्चा करने को कहा है।
नोटबंदी व जीएसटी आर्थिक मंदी की वजह
मायावती ने कहा कि देश को अपरिपक्व तरीके से की गई नोटबंदी व जीएसटी थोपने की वजह से आर्थिक मंदी के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। रोजगार चौपट है तथा बेरोजगारी जबर्दस्त तरीके से लोगों को परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने भी कांग्रेस की ही तरह जनता व मेहनतकश लोगों को हर तरह बदहाल कर दिया है जो चिंता की बात है।
झारखंड चुनाव व दिल्ली की चुनाव तैयारियों की समीक्षा की
मायावती ने पार्टी की ऑल-इंडिया मीटिग में पार्टी संगठन की तैयारियों व सर्वसमाज में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के लिए पूर्व में दिए गए निर्देशों पर कार्यवाही की समीक्षा की। उन्होंने आगे की तैयारियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देंश भी दिए। मायावती ने यहां विभिन्न राज्यों व देश की ताजा राजनीतिक स्थिति की समीक्षा की तथा आगे की चुनौतियों का सही ढंग से सामना करने के लिए पार्टी संगठन को हर तरह से चुस्त-दुरुस्त करने की हिदायत दी। महाराष्ट्र प्रदेश के ताजा राजनीतिक घटनाक्रमों के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनाव तथा दिल्ली के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।