corona in Uttar Pradesh: कोरोना के 16740 नए मरीज मिले, 16 मरीजों की मौत, 15757 डिस्चार्ज
प्रदेश में 24 घंटे में 237109 सैंपल की जांच में ये नए मरीज सामने आए हैं। इनमें लखनऊ में सर्वाधिक 2660 नए मरीज मिले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में शनिवार को कोरोना के 16740 नए मरीज मिले हैं और 15757 को डिस्चार्ज भी किया गया है। अलग-अलग जिलों में 16 मरीजों की मौत भी हुई है। प्रदेश में 24 घंटे में 237109 सैंपल की जांच में ये नए मरीज सामने आए हैं। इनमें लखनऊ में सर्वाधिक 2660 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा अवध के जिलों बाराबंकी में 192, सुल्तानपुर में 168, रायबरेली में 230, सीतापुर में 199, बहराइच में 104, अमेठी में 113 मरीज मिले हैं। इस तरह प्रदेश में कोरोना के अब कुल 96642 एक्टिव मामले हैं, जिनमें 94002 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अस्पताल में करीब 1.5 फीसदी लोगों को ही भर्ती कराना पड़ रहा है। जिन जिलों में मरीजों की मौत हुई है उनमें लखनऊ, जौनपुर और रामपुर के दो-दो और गाजियाबाद, मेरठ, वाराणसी, कानपुर नगर, शामली, शाहजहांपुर, ललितपुर, अंबेडकर नगर, औरैया, मऊ का एक-एक मरीज शामिल है।
97 फीसदी से अधिक को लगा पहला टीका
प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक के लोगों को 142987142 से अधिक पहली डोज दी जा चुकी है। यह लक्ष्य के सापेक्ष करीब 97 फीसदी है। वहीं, 94233071 को दोनों डोज दी गई। 15 से 18 वर्ष के किशोरों को 7459772 डोज और 711288 को प्रीकॉशन डोज दी गई है।
प्रीकॉशन डोज की नई गाइडलाइन
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रीकॉशन डोज को लेकर नई गाइडलाइन जारी की गई है। इसके तहत प्रीकॉशन डोज लेने वाले लोगों को यदि हाल ही में कोविड का संक्रमण हुआ हो तो वे स्वस्थ होने के तीन महीने के बाद प्री कॉशन डोज ले सकते हैं। निर्वाचन में लगें कर्मियों को भी फ्रंटलाइन वर्कर्स मानते हुए उन्हें भी प्रीकॉशन डोज दी जा रही है। चुनाव ड्यूटी में जाने वाले कर्मचारी अपनी दूसरी डोज के 90 दिन पूरे होने के बाद ही प्रीकॉशन डोज ले सकते है।
लखनऊ में कोरोना से एक और मौत, 2660 नए केस
कोरोना ने राजधानी में लगातार पांचवें दिन जान ले ली। शनिवार को एक मौत के अलावा 2660 नए मरीज मिले। वहीं, 2638 लोगों ने वायरस को मात दी। 48 वर्षीय पुरुष को हालत बिगड़ने पर सात दिन पहले एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। मरीज को पहले आईसीयू और फिर वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। लखनऊ में बीते दस दिनों में संक्रमण से यह आठवीं मौत है। वहीं, अब तक कोरोना 2657 लोगों की जान ले चुका है। शनिवार को चिनहट में 377 और अलीगंज में 341 मरीज मिले। आलमबाग में 328, इंदिरानगर में 202 और सरोजनीनगर में 218 में वायरस मिला।
74 चिकित्साकर्मी भी संक्रमित
शनिवार को सबसे ज्यादा 882 मरीज कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में मिले हैं। वहीं, ट्रैवल हिस्ट्री वाले 107, हल्के लक्षण वाले 511 लोग पॉजिटिव मिले। ऑपरेशन से पहले 75 मरीज और कमान अस्पताल में 69 लोग संक्रमित मिले। वहीं, भाषा विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास की केयरटेकर भी संक्रमित मिलीं। इसके साथ सक्रिय मामले बढ़कर 17536 हो गए हैं।