चुनावी रंजिश में बुजुर्ग को गोलियों से भूना, जमकर बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंचायत चुनाव की रंजिश में सोमवार दोपहर पूर्व सांसद मो. ताहिर के भाइयों ने 12 रवी-उल-अव्वल का झंडा लगा रहे बुजुर्ग को गोलियों से भून दिया। आनन-फानन में घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ताबड़तोड़ फायरिंग के छर्रे टेंपो सवार एक व्यक्ति की आंख में भी लगे हैं। चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया है। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों ने पूर्व सांसद के मकान, हॉस्टल, दो चार पहिया व एक दुपहिया वाहन में आग लगा दी। रैपिड एक्शन फोर्स के साथ ही पीएसी और कई थानों की पुलिस ने हालात को काबू किया।
पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर पूर्व सांसद के पिता, तीन भाई और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात की गई है। देर शाम पुलिस ने पूर्व सांसद के पिता और भाई को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बंदूक बरामद कर ली है।
विरोधी का समर्थन करने पर रंजिश
कोतवाली नगर क्षेत्र के पांचोपीरन कस्बा निवासी पूर्व सांसद मोहम्मद ताहिर खां के परिवार ने गांव के ही मज्जू की पत्नी को ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ाया था। उसके सामने पूर्व सांसद के मौसी के बेटे बड़कऊ की पत्नी शाहजहां चुनाव मैदान में थी।
बड़कऊ का समर्थन गांव के ही हाजी मैनुद्दीन (65) ने किया था। इसे लेकर पूर्व सांसद का परिवार हाजी मैनुद्दीन से रंजिश रखता था। रविवार को आए चुनावी नतीजे में मज्जू हार गए, जबकि बड़कऊ की पत्नी शाहजहां जीत गई थीं।
सोमवार को अपराह्न हाजी मैनुद्दीन पूर्व सांसद के घर के सामने स्थित इलाहाबाद-फैजाबाद हाईवे के किनारे 12 रवी-उल-अव्वल का झंडा लगा रहे थे तभी पूर्व सांसद के पिता इरफान गनी खां वहां पहुंच गए। इरफान गनी ने हाजी को झंडा लगाने से मना किया। हाजी के विरोध करने पर पूर्व सांसद के पिता से उनकी तकरार शुरू हो गई।
इस दौरान पूर्व सांसद के भाई सलमान गनी, फुरकान गनी, सोनू उर्फ रिजवान गनी व दो अन्य लोग बंदूक, राइफल व तमंचा लेकर वहां पहुंच गए। पूर्व सांसद के पिता इरफान गनी के ललकारने पर पूर्व सांसद के भाइयों ने मैनुद्दीन पर फायरिंग शुरू कर दी।
ताबड़तोड़ फायरिंग से भगदड़
ताबड़तोड़ फायरिंग में हाजी मैनुद्दीन के सीने व पेट में गोली लग गई और वे गिर पड़े जबकि रास्ते से गुजर रहे एक टेंपो सवार हाजी इफ्तिखार (66) निवासी भुलकी थाना कोतवाली देहात की आंख में छर्रे लग गए। ताबड़तोड़ फायरिंग से पांचोपीरन कस्बे में भगद़ड मच गई।
गंभीर रूप से घायल हाजी मैनूद्दीन और हाजी इफ्तिखार को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हाजी मैनूद्दीन को मृत घोषित कर दिया जबकि हाजी इफ्तिखार को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
उधर, हाजी मैनूद्दीन की मौत की सूचना जैसे ही पांचोपीरन में पहुंची, लोग आक्रोशित हो गए। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पूर्व सांसद का घर घेर कर तोड़फोड़ और आगजनी शुरू कर दी। आक्रोशित लोगों ने पूर्व सांसद के घर के बाहर ख़ड़ी कार, सफारी और स्कूटी को आग लगा दी। घर के बाहर बने पूर्व सांसद के कार्यालय को फूंक दिया। लोगों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ।
लोगों के हुजूम ने पांचोपीरन गांव के बाहर बने पूर्व सांसद के हॉस्टल में भी आग लगा दी। आग से हॉस्टल में मौजूद छात्र जान बचाकर बाहर निकल गए। थोड़ी दूर पर स्थित गर्ल्स हॉस्टल की छात्राएं भी भयभीत होकर कमरों से बाहर आ गईं। काफी देर तक सड़क से लेकर पांचोपीरन गांव में अराजकता का माहौल रहा।
इन लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
सूचना पर डीएम एस राजलिंगम और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार यादव रैपिड एक्शन फोर्स, पीएसी और कई थानों की पुलिस के साथ घटना स्थल पहुंच गए।
फायर विभाग के जवानों ने हॉस्टल, पूर्व सांसद के कार्यालय व वाहनों में लगी आग को बुझाया। पुलिस ने मृतक के बेटे तुफैल अहमद की तहरीर पर पूर्व सांसद के पिता इरफान गनी, पूर्व सांसद के भाई सलमान गनी, फुरकान गनी, सोनू उर्फ रिजवान गनी व दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने हत्या में शामिल पूर्व सांसद के पिता इरफान गनी, पूर्व सांसद का भाई सोनू उर्फ रिजवान गनी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बंदूक बरामद कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
केस दर्ज, दो आरोपी बंदी: एसपी
एसपी विनय कुमार यादव ने बताया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश व वर्चस्व का मामला प्रकाश में आया है। केस दर्ज कर इरफान गनी व सोनू उर्फ रिजवान को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बंदूक बरामद कर ली गई है।