वकील के घर बदमाशों ने बोला धावा, 12 लाख का माल पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के निगोहां के उदयपुर गांव में बृहस्पतिवार रात बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह के घर घुसे बदमाशों ने 12.60 लाख रुपये माल पार कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से बदमाशों की तलाश में जुटी है।
सीओ मोहनलालगंज नवीन कुमार सिंह ने बताया कि निगोहां के उदयपुर निवासी केपी सिंह मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हैं। बृहस्पतिवार रात वह अपने परिवार संग मकान के ऊपरी हिस्से में सो रहे थे।
देर रात करीब 12.30 बजे उनकी भतीजी अर्चना आहट होने पर जगी तो गैलरी का दरवाजा बंद था। इसकी जानकारी अर्चना ने छोटे भाई अजीत को फोन पर दी।
अजीत दरवाजे के पास गया तो उसका भी दरवाजा बाहर से बंद मिला। अर्चना के शोर मचाने पर बदमाश दीवार फांदकर भाग रहे थे। चीख पुकार सुनकर घरवाले व पड़ोसी जाग गए और बाहर से बंद दरवाजों को खोला। बदमाशों ने वकील केपी की मां राजकुमारी के कमरे का ताला तोड़कर 60 हजार कैश व 12 लाख के जेवर पार कर लिए।
पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की
जानकारी पर इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह एक घंटे बाद फोर्स लेकर पहुंचे। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी पर वकील के घर पहुंचे और पुलिस से मामले के जल्द खुलासे की मांग की।
बजती रही घंटी, नही रिसीव हुआ डायल-100
पीड़ित के बेटे प्रिंस सिंह ने बताया कि घटना के बाद वह व उसके परिवारीजनों ने कई बार पुलिस मॉडर्न कंट्रोल रूम में फोन कर घटना की जानकारी देनी चाही। लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद पिता ने इंस्पेक्टर के सीओजी नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी।