कच्छा-बनियान गैंग का धावा, बुरी तरह पीटकर पांच को किया घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीकेटी में कच्छा-बनियान गैंग के बदमाशों ने सोमवार देर रात नगरपंचायत अध्यक्ष सुमन रावत के घर धावा बोला। आहट पर जागी सुमन व उनके दो भतीजों पर डंडों से हमला कर दिया।
चीखपुकार पर सुमन के पति ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की। इस पर डकैत भाग निकले। इससे पहले डकैतों ने घर के बाहर सो रहे एक ग्रामीण पर भी हमला किया।
घेराबंदी पर भागे बदमाशों ने दूसरे गांव में भी एक घर पर धावा बोलकर चार लोगों को घायल कर दिया। पुलिस व ग्रामीणों ने डकैतों की तलाश में कांबिंग शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, बीकेटी के गांव भीखापुरवा में आठ-दस कच्छा-बनियानधारी बदमाशों ने रात 12:15 बजे नगरपंचायत अध्यक्ष सुमन रावत के घर का पिछला दरवाजा तोड़कर धावा बोला। आहट पर जागी सुमन ने शोर मचाया। बदमाशों ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। चीख पर जागे भतीजे कैलाश व अरविंद दौड़े।
बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। छत पर सोने जा रहे सुमन के पति गणेश रावत ने शोर सुनकर नीचे झांका। लॉन में बदमाशों को देखकर गणेश ने लाइसेंसी बंदूक लेकर उन्हें ललकारा और फायरिंग शुरू कर दी। इस पर डकैत भाग निकले। परिवारीजनों ने पुलिस को कॉल की।
एक दूसरे गांव में भी बोला धावा
नगरपंचायत अध्यक्ष के घर डकैतों के धावा की खबर पर इंस्पेक्टर बीकेटी विजय शंकर यादव फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से बदमाशों इलाके में कांबिंग शुरू की।
घायल सुमन, कैलाश, अरविंद व परिवार के सुखलाल को अस्पताल भेजा। इस बीच बदमाशों के गांव अकोरी में विमल के घर धावा बोला। विमल व उसकी पत्नी सरोज पर डंडों से हमला कर दिया। चीखपुकार पर दौड़े परिवार के रामचंद्र व बाबू को भी घायल करके भाग निकले।
खबर फैलते ही गांव भीखापुरवा, अकोरी व मामपुर बाना के लोग लाइसेंसी असलहे व लाठीडंडे से लैस होकर निकल आए। पूरे इलाके में बदमाशों की तलाश जारी है।
गांव भीखापुरवा में तहकीकात में पता चला कि नगरपंचायत अध्यक्ष के घर धावा बोलने से पहले बदमाशों ने गांव के ही रामस्वरूप रावत के घर को निशाना बनाया। घर के बाहर सो रहे रामस्वरूप पर हमला किया।
चीखपुकार पर आसपास के लोगों के जागने पर भागे बदमाशों ने गांव के किनारे स्थित नगरपंचायत अध्यक्ष के घर धावा बोला। इंस्पेक्टर का कहना है कि दोनों गांवों में घायल नौ लोगों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने के साथ केस दर्ज कराया जा रहा है।