बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर हुई 35 लाख की डकैती!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ठाकुरगंज के रेलवे कॉलोनी जनरैलगंज में बुधवार शाम बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनूप बाजपेयी के घर आधा दर्जन डकैतों ने धावा बोल दिया।
मुंह पर रूमाल बांधे बदमाशों ने डॉ. बाजपेयी के माता-पिता पर तमंचा तान आलमारी की चाबियां लीं। इत्मीनान से आधे घंटे तक घर को खंगाला और 30 से 35 लाख रुपये के जेवर-नकदी समेट फरार हो गए।
डकैती की सूचना पर आला अफसरों के साथ ही डॉग स्क्वॉयड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके पर छानबीन की। हालांकि उन्हें कोई सुराग नहीं मिल सका।
एसओ ठाकुरगंज समर बहादुर सिंह ने बताया कि वारदात में किसी परिचित का हाथ हो सकता है। डॉक्टर के स्टाफ, नौकरों और पुराने ड्राइवरों के अलावा तीन संदिग्ध बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
डॉ. बाजपेयी शाम साढ़े छह से नौ बजे तक घासमंडी स्थित क्लीनिक पर रहते हैं। बुधवार शाम करीब सात बजे डॉक्टर की पत्नी प्रीति दोनों बेटियों के साथ खरीदारी करने चली गईं।
रस्सी से बांधकर कमरे और टॉयलेट में किया बंद
शाम करीब साढ़े सात बजे डोरबेल बजने पर बुजुर्ग कृष्ण अवतार बाजपेयी ने दरवाजा खोला। उनका कहना है कि दरवाजा खोलते ही मुंह पर रूमाल बांधे दो बदमाश तमंचा तान भीतर आ गए। इनके पीछे-पीछे और चार बदमाश आ धमके।
बदमाशों ने कृष्ण अवतार और उनकी पत्नी विमला को रस्सी से बांध दिया। जान से मारने की धमकी देकर चाबी ले ली। इसके बाद कृष्ण अवतार को कमरे में व विमला को उसी कमरे से अटैच टॉयलेट में बंद करके पूरे घर में छानबीन शुरू कर दी। एक-एक कमरा और आलमारियां खंगाली।
डॉ. बाजपेयी का कहना है कि उन्होंने प्लॉट के लिए करीब बीस लाख रुपये रखे थे। इसके अलावा भी नकदी थी। बदमाश जेवर भी ले गए हैं। तकरीबन 30-35 लाख रुपये की डकैती का अनुमान है।