प्रमुख सचिव कृषि के निजी सचिव संदिग्ध हालात में लापता, अपहरण का केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के हजरतगंज स्थित सचिवालय के सामने से प्रमुख सचिव कृषि के निजी सचिव नेकराम (48) मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में लापता हो गए। देर शाम तक कार्यालय नहीं आए तो तलाश शुरू हुई। करीब सात घंटे बाद परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी गई। देर रात पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने अगवा करने का केस दर्ज कर तलाश शुरू की।
इंस्पेक्टर हजरतगंज आनंद शाही ने बताया कि कानपुर रोड एचएसडीए कॉलोनी निवासी नेकराम प्रमुख सचिव कृषि अमित मोहन प्रसाद के निजी सचिव हैं। उनका कार्यालय विधानसभा के नवीन भवन में है। सहयोगियों के मुताबिक, वह मंगलवार सुबह 11 बजे विभागीय कार्य से एनेक्सी गए थे। शाम तक कार्यालय नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की।
एनेक्सी में कर्मचारी भेजकर पता लगाया गया, लेकिन हर तरफ से निराशा ही हाथ लगी। शाम छह बजे कर्मचारियों ने घर पर फोन किया तो परिवारीजनों ने उनके न आने की जानकारी दी। इसके बाद पत्नी सरोजनी ने रिश्तेदारों व परिचितों के घर फोन किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सात घंटे बाद परिवारीजनों को दी सूचना
पत्नी सरोजनी ने बताया कि नेकराम सुबह 11 बजे से लापता थे। करीब सात घंटे बाद घर पर फोन कर घटना की सूचना दी गई। उन्होंने आशंका जताई कि पति नेकराम का अपहरण बदमाशों ने कर लिया है। उनके साथ कोई हादसा भी हो सकता है। हालांकि, उन्होंने किसी से विवाद की बात से इन्कार किया है। इंस्पेक्टर आनंद शाही ने बताया कि देर रात सरोजनी की तहरीर पर अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया। नेकराम की तलाश में पुलिस टीम रवाना हो गई है।
मोबाइल ऑफिस में मिला, सिर्फ फाइल लेकर गए
सीओ हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि नेकराम की तलाश में दो टीमें लगाई गई है। नेकराम का मोबाइल कार्यालय में मिला। वह सिर्फ हाथ में कुछ फाइल लेकर ही निकले थे। उनके परिवारीजनों व परिचितों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिए गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज में ई-रिक्शे पर बैठते दिखे नेकराम
पुलिस के मुताबिक, नेकराम सुबह 11 बजे कार्यालय से एनेक्सी गए। वहां कुछ देर रहने के बाद करीब 11.20 बजे बाहर निकले और गेट के सामने ई-रिक्शा पर सवार हो गए। यह सारा वाकया एनेक्सी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
पुलिस को आशंका है कि नेकराम अपनी मर्जी से कहीं चले गए है। उनके साथ कार्यालय या घर पर कुछ घटना हुई होगी। इसके कारण वह बिना बताए ही निकल गए। फुटेज में ई-रिक्शा चारबाग रेलवे स्टेशन की तरफ जाता कैद हुआ है।