फ्रिज-कूलर के लिए मारी गई एक लड़की दूसरी ने की आत्महत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बहराइच के फखरपुर में दहेज में बाइक, कूलर और फ्रिज न मिलने पर ससुरालियों ने नवविवाहिता को पीट- पीटकर मार डाला। तीन महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। इस मामले में मृतका की मां ने दामाद समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए थाने पर तहरीर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
बहराइच के ग्राम बौंडी निवासी आयशा ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि उसने अपनी बेटी चंदा (21) का विवाह बीते चार अप्रैल को फखरपुर के ऐमाचक सौगहना निवासी रज्जन से किया था।
हैसियत के मुताबिक दान-दहेज भी दिया था लेकिन विवाह के बाद से ही कम दहेज की बात कहकर ससुराल के लोगों ने बेटी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कई बार इस मामले में ससुरालीजनों को समझाया गया लेकिन बाइक, फ्रिज और कूलर की डिमांड पर सभी अड़े रहे।
मरने से पहले बेटी ने किया था फोन
आयशा का कहना है कि गुरुवार रात चंदा को उसके ससुरालीजनों मारा पीटा। बेटी ने फोन कर सूचना भी दी थी। इस पर बेटी को ढांढस बंधाते हुए सुबह उसके घर पहुंचकर लोगों ने बात करने का आश्वासन दिया था।
लेकिन, रात में फिर ससुरालीजनों ने उसे इतना पीटा कि उसने दम तोड़ दिया। सुबह घर पहुंचने पर बेटी मृत मिली जबकि घर वाले भाग निकले थे।
थानाध्यक्ष विद्यासागर वर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के मां की तहरीर पर दामाद रज्जन, सास, ससुर, ननद और मृतका के ननिया ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पति से अनबन, पत्नी ने किया आत्मदाह
वहीं बहराइच में घटी दूसरी घटना में पति से आए दिन के झगड़ों से परेशान हरदी निवासी महिला ने शुक्रवार तड़के खुद को आग के हवाले कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जगे परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फखरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मधवापुर गांव निवासी हसमत अली ने बेटी शबीना (19) का निकाह ढाई माह पूर्व हरदी के बग्गर सिसैय्या चूर्णामणि गांव निवासी सुलेमान से किया था। गुरुवार की सुबह सुलेमान बिना खाए खेत चला गया। दोपहर जब वह घर लौटा तो उसने खाना मांगा लेकिन शबीना ने खाना देने से इन्कार कर दिया।
इस पर सुलेमान ने उसकी पिटाई कर दी। इससे क्षुब्ध होकर शबीना घाघरा नदी में कूदने निकल पड़ी लेकिन परिवार वालों ने उसे बीच रास्ते से पकड़ लिया। शाम को सभी राजीखुशी खाने के बाद सोने चले गए लेकिन शुक्रवार भोर शबीना ने केरोसिन डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर घर वालों की नींद खुली। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक शबीना सौ फीसदी झुलस चुकी थी। उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां दोपहर में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता ने थाने में तहरीर दी है।