किसान मंच के नेता पर फायरिंग, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री के खिलाफ केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बंथरा इलाके में नहर की पुलिया पर घात लगाए बैठे हमलावरों ने किसान मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी उर्फ रिंकू की कार पर गुरुवार देर रात फायरिंग की। एक गोली देवेंद्र के सिर को छूते हुए निकल गई।
देवेंद्र ने प्रदेश के उच्च शिक्षा राज्यमंत्री शारदा प्रताप शुक्ला पर साजिश का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। हालांकि शारदा प्रताप शुक्ला ने इससे इन्कार करते हुए कहा कि रिंकू ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर फर्जी आरोप लगाए हैं।
पुलिस के मुताबिक, किसान मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने शारदा भैया समेत पांच लोगों पर जानमाल की धमकी, हत्या का प्रयास, साजिश रचने व बलवा के तहत केस दर्ज कराया है।
देवेंद्र का कहना है कि वह बृहस्पतिवार रात 12:30 बजे रहीमनगर पड़ियाना से अपनी कार से घर लौट रहे थे। उनके साथ चालक सुनील रावत व साथी अनुराग और अमर यादव थे। ककहुआ में नहर पुलिया पर हमलावरों ने कार पर फायरिंग की। हमलावरों ने कहा कि शारदा भइया चाहेंगे तो जिंदा रहोगे, नहीं तो मार दिए जाओगे।
मौके से मिला.315 बोर का एक खोखा
एक गोली देवेंद्र के सिर को छूते हुए निकल गई। वह घायल हो गए। हमलावरों से बचने के लिए चालक ने गाड़ी दूसरी दिशा में मोड़ी। संतुलन बिगड़ने से कार गहरे गड्ढे में गिर गई। देवेंद्र व उनके साथी जान बचाकर गांव की तरफ भागे।
ग्रामीणों की घेराबंदी पर हमलावर भाग निकले। देवेंद्र ने दूसरी गाड़ी से दीनबंधु अस्पताल जाकर प्राथमिक उपचार कराया और रिपोर्ट दर्ज कराई। एसओ बंथरा संजय खरवार ने मामला संदिग्ध बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों में रंजिश है।
डॉक्टरी मुआयने में देवेंद्र के सिर पर गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। मौके से .315 बोर का एक खोखा मिला जो देवेंद्र की रायफल का था। वहीं, देवेंद्र का कहना है कि कार से उतरने के साथ उन्होंने अपनी लाइसेंसी रायफल से फायरिंग करके जान बचाई थी।
उच्च शिक्षा राज्यमंत्री शारदा प्रताप शुक्ला ने बताया कि 27 अगस्त 1970 को उनके भाई देवी प्रसाद शुक्ला की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में देवेंद्र तिवारी उर्फ रिंकू तिवारी के पिता जगदीश तिवारी व चाचा राज किशोर तिवारी के अलावा गांव के ही भोला शुक्ला व लक्ष्मण पासी आरोपी हैं।
देवेंद्र ने उनकी छवि खराब करने के लिए फर्जी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।