{"_id":"30839994a3bfd51a8092e173949260f1","slug":"fake-cops-make-booty","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिपाही बन छात्रा को धमकाया,छीन ले गए चेन","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
सिपाही बन छात्रा को धमकाया,छीन ले गए चेन
विवेक त्रिपाठी/लखनऊ
Updated Wed, 22 Jan 2014 09:33 AM IST
विज्ञापन
खुद को क्राइम ब्रांच का सिपाही बताकर दो बदमाशों ने शॉपिंग मॉल में घूमने आई छात्रा को बदनाम करने की धमकी दी।
विज्ञापन
घबराई छात्रा के हाथ-पैर जोड़ने पर अभद्रता करते हुए मामला रफ-दफा करने के बदले में पांच हजार रुपये मांगे।
रुपये न होने पर उसकी सोने की चेन लेकर चलते बने। जानकारी पर परिवार ने सोमवार को गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
लखीमपुर निवासी छात्रा इंदिरानगर में किराये पर रहकर कैट की कोचिंग कर रही है। छात्रा का कहना है कि बृहस्पतिवार शाम फन मॉल घूमने गई थी।
रात करीब पौने नौ बजे मॉल से निकलते समय दो युवक उसके पास आए। खुद को क्राइम ब्रांच का सिपाही अनिल पांडे व वीके सिंह बताते हुए पूछताछ करने लगे।
जानकारी लेने के बाद उसके अकेले घूमने पर आपत्ति जताते हुए बदनाम करने की धमकी देने लगे। दबाव में आई छात्रा को गिड़गिड़ाता देख मामला रफा-दफा करने के लिए पांच हजार रुपये मांगे।
इतनी रकम न होने की बात कहने पर उसके गले से सोने की चेन छीन ली। इस दौरान उसके साथ अभद्रता भी की गई। सहमी छात्रा चुपचाप घर चली आई।
मामले की जानकारी पर परिवार के लोगों के समझाने पर गोमतीनगर थाने में चेन लूटने,अभद्रता करने और धमकाने की एफआईआर दर्ज कराई।
एसओ उमेश बहादुर सिंह ने कहा कि बदमाशों ने क्राइम ब्रांच का नाम लेकर छात्रा को दबाव में लिया था। आरोपियों की पहचान हो गई है,जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
विज्ञापन