फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   doctor beaten by gajipur police

पैरवी करने पहुंचे डॉक्टर को पुलिस ने बेरहमी से पीटा, कोतवाल समेत सिपाही लाइन हाजिर

Sun, 29 Jul 2018 08:16 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Updated Sun, 29 Jul 2018 08:16 PM IST
विज्ञापन
doctor beaten by gajipur police
पुलिस की पिटाई के बाद हालात दिखाते डॉक्टर

पुलिस की शर्मसार करती एक और करतूत का नमूना गाजीपुर थाने में देखने को मिला। शुक्रवार आधी रात को थाने में पैरवी के लिए पहुंचे लोहिया संस्थान के डॉक्टर डॉ. सर्वेन्द्र विक्रम सिंह की पुलिस कर्मियों ने डंडे व पाइप से पिटाई कर दी। चमड़ी उधेड़ने के बाद नोटों से भरा उनका पर्स छीना और हवालात में ठूंस दिया।

विज्ञापन


डॉक्टर मारपीट के आरोप में पकड़े गए अपनी नौकरानी के पिता की पैरवी करने गए थे। पिटाई की खबर जब घरवालों को लगी तो उन्होंने थाने पहुंच विरोध जताया। मामला तूल पकड़ने लगा तो दरोगा शत्रुघ्न सिंह ने समझौते की पेशकश की। बात बढ़ने लगी तो उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई।
विज्ञापन


अभद्रता के आरोपी सिपाही अमित कुमार व प्रभारी निरीक्षक सुजीत कुमार राय को लाइन हाजिर कर दिया है। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक कानून व्यवस्था राकेश सिंह को थाने की कमान सौंपी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लोहिया संस्थान के इमरजेंसी मेडिसिन में तैनात डॉ. सर्वेंद्र विक्रम सिंह इंदिरानगर के सेक्टर-19 में रहते हैं।

डॉक्टर के मुताबिक, मोहल्ले में ही रहने वाली उनकी घरेलू नौकरानी सन्नो ने रात 12:15 बजे फोन पर बताया कि पुलिस वाले उसके पिता कैलाश को गाजीपुर थाने ले गए हैं। उसने रोते हुए मदद मांगी तो डॉक्टर थाने गए। वहां मौजूद आरक्षी अमित कुमार व अन्य पुलिसकर्मियों को परिचय दिया और कैलाश की पैरवी की।

आरोप है कि आरक्षी अमित कुमार भड़क उठा और नोकझोंक के साथ मोबाइल फोन से डॉ सर्वेंद्र की क्लिप बनाने लगा। विरोध पर गालीगलौज की और दो अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें एक कमरे में घसीट ले गया। वहां डंडे और पाइप से बेतहाशा पिटाई करके अंदरूनी अंगों की चमड़ी उधेड़ डाली। छपे हुए फार्म पर दस्तखत बनाने का दबाव बनाया।

तलाशी के दौरान आठ हजार रुपयों से भरा पर्स छीना और हवालात में ठूंस दिया। थाने में ही मौजूद सन्नो ने डॉक्टर की पत्नी डॉ. मोनिका सिंह को फोन कर थाने में पुलिस की बर्बरता की जानकारी दी, तब घरवाले थाने पहुंचे। 

आरोप- जबरन लिखाई अभद्रता की तहरीर 

डॉ. सर्वेंद्र का कहना है कि प्रभारी निरीक्षक सुजीत कुमार राय ने उन्हें सांत्वना तो दी लेकिन पिटाई के स्थान पर अभद्रता की तहरीर लिखाने को कहा। कोतवाल ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें घर भेजा और सुबह फोन कर सिपाही को लाइन हाजिर करने की जानकारी दी।

इधर, सिपाही ने कहा-थप्पड़ मारा डॉक्टर ने
अपर पुलिस अधीक्षक ट्रांसगोमती हरेंद्र कुमार ने बताया कि अभद्रता के आरोपी आरक्षी अमित कुमार ने डॉ सर्वेंद्र विक्रम सिंह पर अपनी नौकरानी के पिता की पैरवी में दबाव बनाने के साथ झगड़ा करने व विरोध पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। थाने के सीसीटीवी फुटेज व अन्य तरीके से जांच करके सच उजागर किया जाएगा। 

केस दर्ज कराने की मांग, ऊपर तक की शिकायत
डॉ सर्वेंद्र ने अपनी चोटों के फोटो के साथ पुलिसकर्मियों की क्रूरता की शिकायत की है। प्रमुख सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ट्रांसगोमती को भेजे शिकायती पत्र में उन्होंने आरक्षी अमित कुमार व अन्य पुलिसकर्मियों पर बंधक बनाकर पिटाई, लूट व अन्य आरोप लगाते हुए उनके निलंबन और प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है।  

मामले की जांच का आदेश
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि डॉ. सर्वेंद्र विक्रम सिंह की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी आरक्षी अमित कुमार के साथ प्रभारी निरीक्षक सुजीत कुमार राय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जांच कराई जा रही, दोषियों पर कार्रवाई होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed