गुंडागर्दीः लड़की को घर में घुसकर उठा ले गए बदमाश लड़के
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के हसनगंज इलाके में रविवार देर रात तीन कारों से आए नशे में धुत बदमाश एक युवती को घर से खींचकर ले गए। युवती के परिवारीजनों ने मॉडर्न कंट्रोलरूम को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने आईटी चौराहा के पास घेराबंदी कर बदमाशों को दबोच लिया।
अपहरण करने वाले 12 बदमाशों को हसनगंज थाने ले जाया गया। युवती के पिता ने अपहरण की तहरीर दी लेकिन पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में सबका चालान करके मामला रफा-दफा कर दिया।
पुलिस इसे रंजिश और आपसी विवाद बता रही है। उधर, पीड़ित युवती के पिता ने एसएसपी राजेश कुमार पांडेय से शिकायत की। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है।
लड़की के पिता और निशक्त भाई को किया लहुलूहान
घटना छोटा चांदगंज निवासी एक रिटायर्ड कर्मचारी के घर पर हुई। रिटायर्ड कर्मचारी का इलाके के ही रामफेर वर्मा से पुराना विवाद है। रविवार रात करीब डेढ़ बजे रामफेर का बेटा कमलू, सतीश व दस अन्य लोग तीन कारों से नशे की हालत में रिटायर्ड कर्मचारी के घर पहुंचे।
कमलू ने दरवाजा खटखटाया तो रिटायर्ड कर्मचारी की बेटी बाहर निकली। सबने उसे दबोच लिया। युवती ने चीख-पुकार मचाई तो परिवारीजनों और मुहल्ले के लोगों की नींद खुल गई।
नि:शक्त भाई और पिता को विरोध पर किया लहूलुहान
युवती के पिता और नि:शक्त भाई ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की।
खून से लथपथ पिता बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोग पहुंचे तो बदमाशों ने पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद युवती को कार में डालकर निराला नगर की तरफ भाग गए। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
युवती बोली-अगर समय पर पुलिस न पहुंचती तो मार डालते बदमाश
बदमाशों ने युवती को अगवा करने बाद कार में उसकी पिटाई की। विरोध पर उसके कपड़े तक फाड़ डाले थे। शोर मचाने पर उसका गला दबाकर उसे मारने की कोशिश की। पीड़ित युवती का कहना था पुलिस समय रहते न पहुंचती तो बदमाश गला दबाकर मार डालते।
पीड़िता के पिता का आरोप है कि उन्होंने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी, लेकिन पुलिस मामला दबाने में जुटी रही। अपहरण की एफआईआर दर्ज न कर पुलिस ने सभी आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया। रविवार सुबह आरोपियों का मामूली धारा में चालान किए जाने की जानकारी मिली।
पुलिस ने तो मामला मैनेज कर लिया, परिवार सहमा
युवती को घर से खींचकर ले जा रहे बदमाशों को छुड़ाने के लिए कई रसूखदारों ने हसनगंज पुलिस को फोन किया।
युवती के परिवारीजन रात को ही अपहरण की तहरीर देकर गए थे लेकिन सुबह होते-होते पूरी कहानी बदल गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को चालान के बाद छोड़ दिया। युवती के पिता ने कहा कि आरोपी लगातार धमका रहे हैं जिससे पूरा परिवार दहशत में है।