गर्लफ्रेंड के साथ घर में बंद था लड़का, लगा ली फांसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरोजनीनगर में सोमवार शाम गर्लफ्रेंड के साथ घर में बंद अभिषेक सिंह (22) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। अभिषेक के परिवारीजन विध्यांचल गए थे। सरोजनीनगर एसओ का कहना है कि अभिषेक ने फांसी लगाई है।
हालांकि, गर्लफ्रेंड की मौजूदगी में उसने आत्महत्या क्यों और कैसे की? गर्लफ्रेंड ने उसे रोकने की कोशिश क्यों नहीं की? कहीं अभिषेक की मौत के पीछे कोई और कहानी तो नहीं? पुलिस ने ऐसे तमाम सवालों ने मामले को रहस्यमय बना दिया है।
एलडीए कॉलोनी सेक्टर एफ निवासी अभिषेक रिलांयस कंपनी के गोमतीनगर ऑफिस में सेल्स एक्जिक्यूटिव था। इलाकाई लोगों के अनुसार सोमवार शाम करीब पांच बजे एक बाइक और एक साइकिल से चार युवक उसके घर पर आए।
आत्महत्या के बाद अभिषेक को आटो में लादकर ले गए लड़के
दरवाजा भीतर से बंद था इसलिए युवक मकान के बाहर लगे पेड़ के सहारे भीतर कूद गए। कुछ देर बाद अभिषेक के घर का गेट खुला और युवक उसे उठाकर बाहर निकले। चारों के पीछे-पीछे एक युवती भी निकली।
युवती अलग चली गई जबकि युवकों ने अभिषेक को एक आटो में लादा और लोकबंधु अस्पताल में छोड़कर गायब हो गए। यहां चिकित्सकों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।
सरोजनीनगर पुलिस लोकबंधु अस्पताल पहुंची और शव कब्जे में लेकर मर्च्युरी भेजा। पुलिस ने अभिषेक के परिवारीजनों को सूचना दे दी है। सरोजनीनगर एसओ ने बताया कि अभिषेक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घर में बंद था।
अभिषेक के पिता प्रेमनारायन की ट्रांसपोर्टनगर में मोटर रिपेयरिंग की वर्कशॉप है। बीते दिन प्रेमनारायन पत्नी संग बेटी के बेटे का मुंडन कराने के लिए विध्यांचल गए थे। दूसरी बेटी भी उनके साथ थी जबकि अभिषेक घर पर अकेला था।
लोगों ने कहा कि युवक जब पेड़ पर चढ़कर अभिषेक के घर के भीतर कूद रहे थे, उसी वक्त एक पड़ोसी ने सरोजनीनगर एसओ को फोन किया। हालांकि, एसओ का फोन नहीं उठा। इसके करीब 15 मिनट बाद ही चारों युवक बाहर आए और अभिषेक को आटो में लेकर चले गए।
कहीं अभिषेक की हत्या तो नहीं हुई?
मोहल्ले वालों की माने तो अभिषेक के साथ कोई न कोई अनहोनी हुई है। बाइक और साइकिल से चार युवक जब उसके घर आए तो साथ में कोई युवती नहीं थी। पंद्रह मिनट बाद जब चारों बाहर निकले तो एक युवती भी साथ में थी।
यानि युवती अभिषेक के साथ उसके घर पर ही थी। वह अभिषेक की गर्लफ्रेंड थी या कोई और? इसका पता नहीं चल सका है। कहीं युवती ने ही तो चारों को फोन करके नहीं बुलाया? यह भी आशंका है कि युवती को ढूंढते हुए युवक वहां आए और अभिषेक के घर का दरवाजा बंद देखकर पेड़ के जरिए भीतर कूद गए।
भीतर आपस में झगड़ा हुआ हो और सबने मिलकर अभिषेक की जान ले ली हो। युवती और चारों युवक कौन थे? यह पता लगाने के लिए पुलिस अभिषेक के ऑफिस के कर्मचारियों और दोस्तों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
एसओ का कहना है कि शुरुआत में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी।