मजदूरी मांगने पर महिला को लोहे की राड से दागा
थाना क्षेत्र के रामापुर भगाही गांव के मजरा पूरे बलुआ की एक महिला गांव के ही एक व्यक्ति के यहां मजदूरी करती थी। उसने महिला को पिछले एक साल से मजदूरी नहीं दी।
मजदूरी मांगने पर उसने महिला पर चोरी का इल्जाम लगाकर उसे घर के बरामदे में खंभे से बांधकर पहले पीटा और पीड़िता ने चोरी स्वीकार नहीं की तो उसे लोहे की रॉड से दाग दिया, जिससे उसके शरीर पर चोटें आ गईं। पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज की है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के रामापुर भगाही गांव के मजरा पूरे बलुआ के रहने वाले रामसागर ने बताया कि उसकी पत्नी रानी देवी पिछले 15 साल से गांव के वीरेंद्र प्रताप सिंह के यहां मजदूरी कर रही थी।
रामसागर का आरोप है कि वीरेंद्र ने उसकी पत्नी को दो सौ रुपये दिहाड़ी के हिसाब से मजदूरी देने का वादा किया था। मगर उसकी पत्नी जब भी वीरेंद्र से मजदूरी मांगती थी तो उसे रुपये देने का आश्वासन देकर टाल देते थे।
सोने की चैन की चोरी का आरोप लगाकर पीटा
रामसागर ने बताया कि रोज की तरह 11 अप्रैल की सुबह भी उसकी पत्नी मजदूरी करने वीरेंद्र के घर पहुंची और उसने रुपये मांगे, तो उनके परिवार के लोगों ने रानी देवी पर सोने की चेन चोरी करने का आरोप लगाकर उसे पीटना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने कहा कि उसने चोरी नहीं की, मगर किसी ने उसकी नहीं सुनी और उसे घर के बरामदे में खंभे से बांध दिया।
रामसागर का आरोप है कि उसकी पत्नी को वीरेंद्र और परिवारीजनों ने लोहे की रॉड गर्म करके उसके शरीर के कई अंगों को दाग दिया, जिससे शरीर पर चोटें आई हैं।
इस मामले में रामसागर ने थाना नवाबगंज में वीरेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर ली है।