छात्र को बंधक बनाकर पीटा, पैर पकड़वाए, वीडियो फेसबुक पर डाला
लखनऊ के तालकटोरा थाने में बीए के छात्र राहुल रंजन सिंह को बंधक बनाकर पीटने और पिटाई का वीडियो फेसबुक पर पोस्ट करने के मामले में केस दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि ऐशबाग के मालवीयनगर निवासी राहुल ने इसराइल, रहीम, शगुन और समद समेत अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस वीडियो की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।
राहुल ने बताया कि घटना सात अक्तूबर की रात करीब 11 बजे की है। वह मवैया स्थित दुर्गा मंदिर के पास खड़ा था तभी रहीम उर्फ छोटू और उसका साथी वहां आ गए। दबंगों ने उसकी कमर पर तमंचा सटाकर गोली मारने की धमकी दी और जबरन बाइक में बैठा लिया। उसे मवैया पुल के पास ले जाया गया जहां एक कार में समद, इसराइल और प्रद्युमन समेत अन्य लोग मौजूद थे।
उसे बाइक से खींचकर कार में बैठाकर इसराइल के ए ब्लॉक स्थित घर ले जाया गया। वहां बेसमेंट में बंधक बनाकर सबने राहुल की हॉकी व डंडों और लात-घूसों से पिटाई की। पिटाई के दौरान प्रद्युमन व अन्य बदमाश अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो भी बना रहे थे। बदमाशों ने उससे अपने पैर भी छुआए। करीब तीन तक राहुल को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।सुबह लगभग चार बजे उसे घर के बाहर फेंककर हमलावर भाग निकले।
दबंगों ने परिजनों को जान से मारने की दी धमकी
पुलिस से शिकायत करने पर दबंगों ने राहुल के परिवारीजनों को जान से मारने की धमकी दी। उधर, रात को ही प्रद्युमन ने वॉट्सएप पर कई लोगों को पिटाई का वीडियो भेजा। कई वीडियो फेसबुक पर भी पोस्ट कर दिए गए।
पीड़ित का कहना है कि वह तहरीर लेकर थाना गया लेकिन केस दर्ज नहीं किया गया। चार दिन भटकने के बाद पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज किया।