मथुरा के बाद यूपी के एक और जिले में गुंडई, युवक को जेसीबी से कुचला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अवैध मिट्टी खनन की शिकायत करने से नाराज होकर गुरुवार देर रात भीटी थाना क्षेत्र के बनगांव में जेसीबी से कुचलकर एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक मृतक आश्रित कोटे में भीटी तहसील में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस बीच एसपी व एएसपी ने भी गांव पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने जेसीबी मालिक समेत कुल तीन लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। घटना से गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है।
मामला थाना क्षेत्र भीटी अंतर्गत बनगांव का है। परिवारीजनों के अनुसार गांव निवासी दीपक सिंह (25) पुत्र राजबहादुर गुरुवार देर शाम घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में जेसीबी से मिट्टी की खोदाई करवा रहे गांव के ही शैलेंद्र सिंह उर्फ पप्पू को पांच हजार रुपये देने के लिए निकला।
उसने परिवारीजनों को बताया कि वह शैलेंद्र को रुपये देकर रिश्तेदारी में चला जाएगा। इससे परिवारीजनों ने रात में उसकी कोई खोजबीन नहीं की। शुक्रवार सुबह दीपक का भाई रौनक नित्यक्रिया के लिए तालाब की तरफ गया तो वहां दीपक का शव देख सन्न रह गया।
घटना से गांव के इर्दगिर्द हड़कंप मच गया
वह गुहार मचाता हुआ गांव की तरफ भागा और परिवारीजनों को जानकारी दी। परिवारीजन जब शैलेंद्र के घर गए तो वहां ताला लटका मिला। न तो शैलेंद्र का परिवार था और न ही जेसीबी व ट्रैक्टर। घटना से इर्दगिर्द के गांव में भी हड़कंप मच गया।
देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। घटना को लेकर उनमें आक्रोश फैलने लगा। इस बीच जानकारी होने पर प्रभारी एसओ भीटी अरविंद कुमार पांडेय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव अभिरक्षा में लेकर परिवारीजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।
परिवारीजनों ने बताया कि दीपक ने शैलेंद्र से चार ट्रॉली मिट्टी अपने घर के सामने गिरवाया था। गुरुवार देर शाम शैलेंद्र ने ट्रैक्टर चालक चैतू को मिट्टी का पैसा देने के लिए दीपक को तालाब के किनारे बुलाने को भेजा था। दीपक इस पर घर से पांच हजार रुपये लेकर तालाब के किनारे गया लेकिन वहां जेसीबी से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई।
आरक्षित कोटे में चार वर्ष पूर्व मिली थी नौकरी
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को वहां शराब की कई बोतलें व आठ गिलास मिले। एसओ ने बताया कि मृतक के भाई रौनक की तहरीर पर गांव निवासी व जेसीबी मालिक शैलेंद्र सिंह, जेसीबी चालक मारकंडेय व ट्रैक्टर चालक चैतू के विरुद्ध हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
बताया जाता है कि दीपक को मृतक आश्रित कोटे से लगभग चार वर्ष पूर्व नौकरी मिली थी। मौजूदा समय में वह कानूनगो का चपरासी था।
एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
जानकारी होने पर एसपी अजय कुमार सिंह व एएसपी राहुलराज ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
एसपी ने सीओ राघवेंद्र को आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित किए जाने के लिए मानीटरिंग का निर्देश दिया। घटना से गांव में तनाव को देखते हुए भीटी के अलावा महरुआ व अहिरौली की पुलिस को तैनात कर दिया गया है।
पहले भी दे चुका था धमकी
थाने में दर्ज कराई गई तहरीर के जरिये कहा गया है कि शैलेंद्र को यह शक था कि उसके द्वारा मिट्टी का खनन किए जाने की जानकारी दीपक अधिकारियों को दे देता था।
लगभग एक माह पूर्व शैलेंद्र ने इस पर नाराजगी जताते हुए मृतक के चाचा से कहा था कि वह दीपक को समझा दे कि वह उनके बीच न आए। दीपक की शिकायत के चलते उसे काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
धमकी भी दी थी कि यदि उसने शिकायत करना बंद नहीं की तो इसका खामियाजा उसे भुगतना होगा। पुलिस ने इसका जिक्र भी केस में किया है।
मासूम ढूंढ रही पिता की गोद
वर्ष 2011 में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी मिलने के बाद वर्ष 2013 में दीपक का विवाह हुआ था। उसकी नौ माह की पुत्री है। सदमे से पत्नी बार-बार बेहोश हुई जा रही है। ग्रामीणों की समझ में नहीं आ रहा कि वह उसे किस प्रकार ढांढस बंधाए।
वहीं, नौ माह की पुत्री गुड़िया बार-बार अपने पिता की गोद ढूंढ रही है। बताया जाता है कि दीपक गुड़िया को गोद में लेकर अक्सर टहलाया करता था।