लखनऊ: क्रिकेटर शमी के भाई कैफ पर यौन शोषण का आरोप, शिकायत पर धमकाया; एफआईआर दर्ज
क्रिकेटर शमी के भाई कैफ पर यौन शोषण का आरोप है। शिकायत पर महिला को धमकाने का भी आरोप है। लखनऊ में एफआईआर दर्ज की गई है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में रहने वाली एक महिला ने क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई, रणजी खिलाड़ी और अमरोहा के अलीनगर डिडौली निवासी मो. कैफ पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। शिकायत करने पर कैफ के बड़े भाई मो. हसीब ने पीड़िता को धमकाया भी था। रविवार को सोशल मीडिया पर शिकायत वायरल होने के बाद आशियाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने कैफ के खिलाफ यौन शोषण और हसीब के खिलाफ धमकाने की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2020 में वह गाजियाबाद में रहती थी। उसी दौरान एक मित्र के माध्यम से उनकी मुलाकात कैफ से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हो गई और मुलाकात बढ़ने लगी। उस वक्त कैफ कोलकाता में रणजी खेल रहा था। अगस्त 2023 में कैफ ने पीड़िता से शादी का प्रस्ताव रखा।
तलाकशुदा है पीड़िता
पीड़िता ने बताया कि वह तलाकशुदा है और उनका एक बेटा है। आरोपी ने कोई आपत्ति न होने की बात कही। आरोप है कि नौ सितंबर 2023 को उसे कोलकाता के एक होटल में बुलाया और शादी का भरोसा देते हुए यौन शोषण किया।
पीड़िता ने जब विवाह की बात कही तो आरोपी ने दिसंबर 2025 में आईपीएल ऑक्शन के बाद शादी करने का भरोसा दिया। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 से 2026 के बीच वह एक एयरलाइंस में केबिन क्रू के तौर पर काम करती थी। आरोपी ने उनकी नौकरी पसंद नहीं होने की बात कहते हुए नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर किया। आईपीएल ऑक्शन के बाद जब पीड़िता ने शादी की बात रखी तो आरोपी ने दूरी बना ली।
अमरोहा बुलाकर भाई ने धमकाया
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के भाई मो. हसीब से भी शिकायत की थी लेकिन उसने अनसुनी कर दी। आरोपी के एक परिचित ने बातचीत के लिए उसे कैफ के गृह जनपद अमरोहा बुलाया। वहां आरोपी के भाई हसीब ने उसे धमकाया। पीड़िता ने इसकी शिकायत कैफ से की लेकिन उसने कुछ नहीं किया। तब से पीड़िता आशियाना स्थित अपने घर पर रह रही है।
13 दिनों तक घटनास्थल को लेकर टरकाती रही पुलिस
मामले में पीड़िता ने सबसे पहले 31 अगस्त को आशियाना थाने में शिकायत की थी। सुनवाई न होने पर पांच सितंबर को डीसीपी पूर्वी से शिकायत की। डीसीपी पूर्वी ने एसीपी विभूतिखंड को जांच का आदेश दिया था। एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय ने जांच में मामला विभूतिखंड इलाके का नहीं पाया। पीड़िता को आशियाना थाने में शिकायत करने के लिए कहा गया था।
इंस्पेक्टर आशियाना गजेंद्र राय ने घटनास्थल गाजियाबाद और कोलकाता का बताते हुए पीड़िता को टरका दिया। रविवार को मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस अधिकारियों ने आशियाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। डीसीपी मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि कैफ और हसीब के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।