लखनऊ। प्रयागराज के करछना में 12 अप्रैल को युवक को जलाकर मार डालने की घटना के विरोध में मंगलवार को भाकपा माले ने राजधानी में मार्च निकालकर प्रदर्शन किया और एसडीएम पवन पटेल के माध्यम से मुख्यमंत्री को पांच सूत्री ज्ञापन भेजा।
पार्टी के जिला प्रभारी रमेश सिंह सेंगर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य भवन के सामने पुराने हाई कोर्ट चौराहे से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकाला। सेंगर ने कहा कि करछना के इसौटा गांव की घटना निंदनीय है। पुलिस और दबंगों के गठजोड़ से दलित युवाओं पर एक दर्जन से अधिक धाराओं में फर्जी मुकदमे लगाकर जेल में ठूंस दिया गया है। उन्होंने घटना की जांच कराकर जेल में बंद युवकों को रिहा करने, दोषियों को दंडित करने और मृतक देवीशंकर के परिजनों को न्याय देने की मांग की। इस मौके पर किसान महासभा के नेता छोटे लाल रावत, रमेश शर्मा, रामसेवक रावत, आइसा के नेता शांतम निधि, इनौस के नेता राजीव गुप्ता, ऐपवा नेता कमला गौतम, सरोजिनी बिष्ष्ट, कुमार मधुसूदन मगन, रामदेवी रावत, सरिता, सुमन सेंगर आदि मौजूद रहे।