कोरोना को लेकर भारी पड़ने लगी लापरवाही, 60 दिन बाद मरीजों का आंकड़ा 50 पार, हाई अलर्ट पर अफसर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर बरती जा रही लापरवाही का असर कोरोना के बढ़ते मामलों के रूप में नजर आने लगा है। बुधवार को राजधानी में 54 नए मामले मिले। 15 जनवरी के बाद यह पहला मौका है जब एक दिन में संक्रमितों का आंकड़ा 50 के पार पहुंचा है। लगातार बढ़ते संक्रमण के मामलों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। विभाग अब ज्यादा कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग पर जोर दे रहा है।
गुरुवार को लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने यात्रियों की स्क्रीनिंग, टेस्टिंग और सर्विलांस को तेज करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सभी को अनिवार्य रूप से सैनिटाइजर का प्रयोग करने को कहा।
बीते तीन दिनों की बात करें तो एक हजार सैंपल बढ़ाने पर संक्रमित की संख्या में 10 का इजाफा हुआ। लखनऊ में 15 मार्च को 4,982 लोगों की जांच में 35 पॉजिटिव मिले थे। मंगलवार को 5,974 लोगों के सैंपल लिए गए, जिसमें संक्रमण के 44 केस मिले।
बुधवार को जांच का दायरा 6636 लोगों तक पहुंचा तो संक्रमितों की संख्या 54 हो गई। अनुमान है कि कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के आधार पर जांच करने के बाद आगे यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
फोन से दी जा रही सलाह
सीएमओ ने बताया कि कोविड-19 कंट्रोल रूम से होम आइसोलेशन के 127 मरीजों से फोन पर स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। वहीं, हेलो डॉक्टर सेवा में 26 मरीजों ने परामर्श लिया। इस सेवा में 0522-3515700 नंबर डायल कर कोविड संबंधित जानकारी ली जा सकती है। इसके अलावा कोविड कमांड कंट्रोल रूम लखनऊ 0522-4523000 और 0522-2610145 पर भी संपर्क किया जा सकता है।