वारदात: रेलवे ठेकेदार को उसी की लाइसेंसी रायफल से गोली मारी
लखनऊ के आलमबाग इलाके में रविवार देर रात हमलावरों ने एक रेलवे ठेकेदार को उसकी ही लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में इलाके में हड़कंप मच गया।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर मौके पर रायफल छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने सतीश के करीबी लोगों के बारे में छानबीन के साथ हमलावरों की तलाश शुरू की है।
इंस्पेक्टर आलमबाग परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि प्रतापगढ़ का मूल निवासी रेलवे ठेकेदार सतीश तिवारी उर्फ टनाटन (40) को कुछ लोग रविवार रात रनिंग शेड कॉलोनी के एक घर में ले गए थे। वहीं पर किसी बात को लेकर विवाद होने पर हमलावरों ने सतीश की लाइसेंसी रायफल छीन ली।
पहले पिटाई की फिर मारी गोली
पहले उसकी पिटाई की और फिर सीने पर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ सतीश को ट्रॉमा सेंटर ले गए।
हालांकि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पता चला कि रेलवे आवासों की मरम्मत का ठेका लेने वाले सतीश ने रनिंग शेड कॉलोनी के एक आवास को कब्जे में ले रखा था। वहां लेबरों के ठहरने की व्यवस्था के साथ दोस्तों के साथ खाता-पीता था।
मौके पर पहुंचे भांजे हिमांशु मिश्रा ने पुलिस को जानकारी दी कि सतीश रविवार सुबह आठ बजे लाइसेंसी रायफल लेकर लंगड़ा फाटक के पास रेलवे क्वाटर्स की मरम्मत का काम देखने निकला था। उसके परिवार में पत्नी अर्चना व चार बच्चे हैं।