तीखे हुए मौसम के तेवर, पांच की मौत!
ठंड के तेवर दिन पर दिन तीखे होते जा रहे हैं। बर्फीली हवाओं से गलन लगातार बढ़ रही है और जानलेवा होती जा रही है। रविवार को अवध में पांच लोगों की मौत हो गई।
इसमें बलरामपुर के वन कर्मचारी संत बख्श सिंह ने भी दम तोड़ दिया। ठंड से बाराबंकी में दो, बहराइच और गोंडा में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
रविवार को फैजाबाद समेत अवध के सभी जिलों में दिन भर धुंध छाई रही। बर्फीली हवा ने खूब कंपकंपाया। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक मौसम ऐसा ही बना रहा तो आलू व सरसों की फसलों को नुकसान होगा।
चुर्क सूबे में सबसे ठंड, पारा 0.5 डिग्री
अवध में रायबरेली सबसे ठंडा
रायबरेली--3.4
फैजाबाद--4
गोंडा--4
सीतापुर--4
सुल्तानपुर--4
अंबेडकरनगर--4
बहराइच--4.5
वहीं, सोनभद्र का चुर्क रविवार को सूबे में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, आगरा में न्यूनतम तापमान 2.4, नजीबाबाद में 2, शाहजहांपुर में 3.1, फुर्सतगंज में 3.6 डिग्री दर्ज किया गया।
राजधानी का अधिकतम पारा सूबे में सबसे कम
लखनऊ में दिनभर गलन रही। इससे अधिकतम पारा सामान्य से 12 डिग्री लुढ़ककर 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह पूरे प्रदेश में सबसे कम अधिकतम पारा रहा।
पाला और घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सूबे में कई स्थानों पर घने कोहरे के साथ पाला पड़ने की चेतावनी जारी की है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम से राहत के आसार नहीं है। ठंड के तेवर बढ़ेंगे।