UP News: सीएम योगी बोले- संविधान की प्रति दिखाकर ढोंग करने वाले बांग्लादेश पर मौन क्यों ?
डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर सीएम योगी ने कहा कि संविधान की प्रति दिखाकर ढोंग करने वाले बांग्लादेश पर मौन क्यों हैं ?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को आंबेडकर महासभा परिसर में डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं, बौद्ध और अन्य अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को कट्टरपंथियों द्वारा मारा जा रहा है। संपत्तियों को लूटा जा रहा है। माताओं और बहनों की इज्जत के साथ खिलवाड़ हो रहा है। चुनाव में संविधान की प्रति लेकर ढोंग करने वाले बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर मौन हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक वहां जिन्ना का जिन्न रहेगा, तब तक ऐसी अराजकता होती रहेगी। यह पाप देश के विभाजन के रूप में सामने आया था। उसका बदसूरत स्वरूप बांग्लादेश के रूप में फिर हमारे सामने है। बाबा साहब ने आगाह किया था कि देश का बंटवारा होने से आर-पार की लड़ाई शुरू हो जाएगी, जो आज हमारे सामने है।
दलित अपना धर्म और मत न बदलें
कहा कि आज कुछ लोग समाज को धोखा दे रहे हैं, झूठ फैला रहे हैं। ये वही लोग हैं, जो उस समय हैदराबाद के निजाम और उनके रजाकारों द्वारा दलितों के गांव जलाए जा रहे थे, तो चुप थे। उस वक्त डॉ. आंबेडकर ने खुला पत्र लिखा था कि हैदराबाद के सभी दलित अपना धर्म और मत न बदलें और महाराष्ट्र आ जाएं।
यह लोग रहे मौजूद
पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदुओं का अगर इसी तरह नरसंहार चलता रहा तो उनकी संख्या बहुत सीमित रह जाएगी। इस अवसर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मंत्री असीम अरुण, एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, एमएलसी डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल, मेयर सुषमा खर्कवाल, विधायक ओपी श्रीवास्तव, रामचंद्र प्रधान, बीजेपी लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी आदि उपस्थित थे।
कांग्रेस ने संविधान की हत्या करने का किया प्रयास
योगी ने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी संविधान की हत्या करने का प्रयास किया था। इमरजेंसी लागू करके संविधान का अपमान किया था। संविधान की प्रस्तावना में संशोधन करके सेक्युलर और सोशलिस्ट शब्द डाला, जो मूल संविधान में नहीं थे।
हमारी सरकार गरीबों, वंचितों और दलितों के लिए डॉ. आंबेडकर के सपने को साकार करने का काम कर रही है। आवास, जमीन के पट्टे, पेंशन की सुविधा, स्कॉलरशिप, शुल्क प्रतिपूर्ति, आयुष्मान योजना आदि का लाभ दे रही है। हम जीरो पावर्टी के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं।
लखनऊ में बनेगा आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर
उन्होंने कहा कि हम राजधानी में डॉ. भीमराव आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर की स्थापना करने जा रहे हैं। आंबेडकर महासभा की मांग पर इसकी स्थापना की जा रही है, जहां पर भव्य ऑडिटोरियम के साथ लाइब्रेरी भी होगी। छात्राओं के लिए छात्रावास और अतिथि गृह के साथ बाबा साहब का भव्य स्मारक भी होगा।