सीएम योगी बोले: नस्लों पर ध्यान न देने से कसाईखाने जाते थे पशु, अवैध धर्मांतरण गहरी साजिश; न छोड़ें धर्म
CM Yogi Adityanath: सीएम योगी आदित्यानथ ने धर्मांतरण के मुद्दे पर बिना नाम लिए विरोधियों पर हमले किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध धर्मांतरण को लेकर गहरी साजिश चल रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि किसान की समृद्धि के बिना खुशहाली नहीं आ सकती। किसानों की समृद्धि में पशुधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत में कृषि व पशुधन एक-दूसरे से जुड़े रहे हैं। अन्नदाता किसान के घर में पशुधन होगा और पशुपालक भी खेतीबाड़ी से अवश्य जुड़ा होगा। इनके संबंध को ध्यान में रखते हुए पीएम मोदी के नेतृत्व में किसानों की खुशहाली व समृद्धि के लिए उठाए गए कदम काफी महत्वपूर्ण व सराहनीय हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भारत में पशु नस्लों का विकास कार्यशाला का शुभारंभ किया। साथ ही गोरखपुर के कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण संस्थान तथा पशुपालन अवसंरचना विकास निधि के तहत यूपी में तीन प्रोजेक्ट (अमेठी, बरेली व मथुरा) का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की प्रेरणा से यूपी में भी इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए गए हैं। डबल इंजन सरकार की ऊर्जा का लाभ यूपी ने लिया है। इससे यूपी आज दुग्ध उत्पादन में देश में नंबर एक पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में हम लोगों के सामने बहुत चुनौती थी। समय के अनुरूप पशुधन की नस्लों में सुधार नहीं हुए। इसके परिणाम स्वरूप बड़े पैमाने पर पशुधन सड़क, खेतों, कसाईखानों में जाते थे। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से आस्था से खिलवाड़, किसानों के खेत में परेशानी और सड़क पर दुर्घटनाएं भी होती थीं। 2017 में निराश्रित गोआश्रय स्थल की कार्ययोजना बनाई और 2018 में उसे लागू किया। आज 14 लाख से अधिक गोवंशों की देखभाल सरकार की गोशालाओं या सरकार द्वारा सहायता प्राप्त पशुपालकों द्वारा की जा रही है।
सीएम ने आश्वस्त किया कि पशुधन को एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) मुक्त बनाकर पशुपालकों के जीवन में खुशहाली लाने में योगदान देंगे। इस अवसर पर किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए। कार्यशाला में केन्द्रीय पंचायतीराज तथा मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, अरुणाचल प्रदेश के पशुपालन मंत्री गेब्रियल डी वांगसु, प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, गोसेवा आयोग के अध्य़क्ष श्याम बिहारी गुप्ता आदि उपस्थित थे।
अवैध धर्मांतरण गहरी साजिश, होगी कठोर कार्रवाई : योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ ताकतें योजनाबद्ध तरीके से देश के स्वरूप को बदलने की कोशिश कर रही हैं। यह समाज को तोड़ने और धार्मिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की साजिश है। अनुसूचित जाति के लोगों को लालच और भय के माध्यम से धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जा रहा है, जो संविधान और सामाजिक समरसता के खिलाफ है। मुख्यमंत्री ने श्री तेग बहादुर संदेश यात्रा का फूल बरसाकर स्वागत किया। संदेश यात्रा लखनऊ से चलकर कानपुर, इटावा, आगरा होकर दिल्ली के चांदनी चौक और शीशगंज गुरुद्वारा तक जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में बलरामपुर में बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें अवैध धर्मांतरण को बढ़ावा देने के लिए विदेशों से धनराशि प्राप्त करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया। इस कार्रवाई में अवैध धर्मांतरण के लिए रेट तय करने के मामले को उजागर किया गया और अब तक 40 खातों में 100 करोड़ से अधिक का लेन-देन पाया गया है। यह आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर खतरा है। सीएम योगी ने कहा कि श्री तेग बहादुर संदेश यात्रा के जरिये आज एक ऐतिहासिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई है। इस यात्रा का उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को याद करना है जिन्होंने सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपनी जान दी थी।
दबाव में आकर न छोड़ें अपना धर्म : योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी ने कहा कि सिख गुरुओं ने जिस बलिदान और त्याग की परंपरा की नींव रखी थी, उसे आज भी जीवंत बनाए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिंदू और सिखों के बीच फूट डालने वालों से हमें सतर्क रहना होगा और इन साजिशों को नाकाम करना होगा। उन्होंने कहा कि समाज में कोई भी जाति, धर्म, वर्ग अपनी संस्कृति और धर्म को छोड़ने के लिए दबाव में न आए। इस अवसर पर राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, एमएलसी सरदार हरि सिंह ढिल्लो, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के महासचिव सरदार जगदीप सिंह कहलो और प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद आदि उपस्थित रहे।