सीएम योगी का निर्देश: गर्मी की छुट्टी के दौरान भी खुलेंगे स्कूल, 20 मई से 15 जून के बीच लगेंगे समर कैंप
Basic schools of UP: यूपी के परिषदीय स्कूल गर्मियों की छुट्टियों के दौरान भी खोले जाएंगे। इस दौरान यहां समर कैंप के अलावा दूसरी गतिविधियां भी होंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के लिए अब गर्मी की छुट्टियों में समर कैंप लगाए जाएंगे। इनमें बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाई के साथ ही अतिरिक्त गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
समर कैंप 20 मई से 15 जून के बीच चयनित विद्यालयों में आयोजित किए जाएंगे।समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हुए सीखने के लिए प्रेरित करना है। विभाग इस पर लगभग 200 करोड़ खर्च करेगा। यह पहल न सिर्फ बच्चों के शैक्षिक विकास को बढ़ावा देगी, बल्कि उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने में भी मददगार साबित होगी।
अब तक इस तरह की कवायद सिर्फ निजी विद्यालयों में ही होती है। विभाग के अनुसार कैंप में फाउंडेशनल लिट्रेसी और न्यूमेरेसी (एफएलएन) पर आधारित गतिविधियां होंगी। जीवन कौशल, व्यक्तित्व विकास, योग, खेलकूद, विज्ञान-तकनीक आधारित प्रयोग, कला-सांस्कृतिक कार्यक्रम और पर्यावरण के प्रति उन्हें जागरूक बनाया जाएगा। कैंप सुबह डेढ़ घंटे तक ही आयोजित किए जाएंगे। शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षकों की देखरेख में कैंप का संचालन होगा। कैंप में बच्चों को सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन के तहत गुड़ की चिक्की, बाजरे का लड्डू, रामदाना लड्डू, गुड़-चना और लैया पट्टी जैसी पौष्टिक खानपान की चीजें भी दी जाएंगी।
शिक्षकों-कर्मचारियों का ईद से पहले करें वेतन का भुगतान
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चंदेल गुट) ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि शिक्षक-कर्मचारियों को ईद के पहले वेतन भुगतान किया जाए। साथ ही 31 मार्च को ईद को देखते हुए बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन कार्य बंद किया जाए। संघ के प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे पत्र में कहा है कि ईद 31 मार्च को है। सरकार की वित्तीय नियमावली के अनुसार माह की आखिरी तारीख पर पड़ने वाले अवकाश व पर्व के दृष्टिगत एडवांस में वेतन भुगतान किया जा सकता है। पूर्व में भी ऐसा किया गया है। ऐसे में ईद को ध्यान में रखते हुए सरकार कर्मचारियों को एडवांस में वेतन भुगतान करें। द्विवेदी ने कहा कि यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन 19 मार्च से शुरू हुआ है, जो दो अप्रैल तक चलेगा। ईद के दृष्टिगत 31 मार्च को प्रदेश के सभी मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य स्थगित करने के निर्देश जारी किए जाएं।
31 जुलाई को छह साल पूरा करने वाले बच्चे को ही कक्षा एक में मिलेगा प्रवेश
प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक में प्रवेश के लिए 31 जुलाई तक छह साल पूरा करने वाले बच्चों को दाखिला दिया जाएगा। एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए सत्र 2025-26 को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने इसे लेकर निर्देश जारी किए हैं। खास यह कि यह व्यवस्था स्थायी रूप से की गई है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत पिछले साल एक अप्रैल को छह साल पूरा करने वाले बच्चों के ही कक्षा एक में नामांकन किए जाने का निर्देश जारी किया गया था। किंतु इसकी वजह से पहली कक्षा में नामांकन में काफी कमी आई थी। इसे देखते हुए शिक्षकों की मांग पर विभाग ने शिक्षा मंत्रालय से वार्ता कर जून में इसमें राहत दी थी।
संशोधित आदेश जारी कर कहा था कि सत्र 2024-25 में कक्षा एक में ऐसे छात्र-छात्राओं का नामांकन किया जा सकता है, जिनकी आयु 31 जुलाई को छह साल पूरी हो रही है। वहीं एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए सत्र को लेकर इस मामले में शिक्षकों में काफी ऊहापोह था। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने शुक्रवार को सभी बीएसए को इसे लेकर निर्देश जारी किया है।
इसमें उन्होंने स्पष्ट किया है कि सत्र 2025-26 में कक्षा एक में ऐसे छात्र-छात्राओं का नामांकन किया जाएगा, जिनकी आयु 31 जुलाई तक छह साल पूरी हो रही है। इसके साथ ही यह व्यवस्था स्थायी रूप से प्रभावी होगी। वहीं शिक्षकों को बच्चों का नामांकन कराने में काफी राहत मिलेगी। शिक्षक संगठनों ने कहा कि इसका असर नए सत्र में नए नामांकन पर देखने को मिलेगा।