सीएम योगी ने दिए निर्देश: 19 सितंबर से फिर शुरू हो मुख्यमंत्री आरोग्य मेला, डेंगू मरीजों की पहचान करने के लिए घर-घर किया जाए सर्वेक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम-9 को वायरल बीमारियों के मरीजों की घर-घर जाकर तलाश कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि सर्वेक्षण के बाद मिले मरीजों को बुखार व दस्त की दवाएं भी दी जाएं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 सितंबर से मुख्यमंत्री आरोग्य मेला भी शुरू करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित कराने में ‘मुख्यमंत्री आरोग्य मेले’ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्तमान में कोरोना नियंत्रित स्थिति में है। इसलिए 19 सितंबर से मुख्यमंत्री आरोग्य मेला फिर से शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि डेंगू व अन्य वायरल बीमारियों के मरीजों की पहचान करने के लिए घर-घर सर्वेक्षण किया जाए। यदि कहीं लक्षणों के आधार पर संदिग्ध मरीज मिलता है तो उसे बुखार व दस्त की दवा दी जाए। जरूरत पड़ने पर उसे अस्पताल भी भेजा जाए। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश शुक्रवार को टीम-9 के साथ कोरोना व अन्य बीमारियों के नियंत्रण के लिए आयोजित बैठक में दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में बेड व दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जाए। फिरोजाबाद, आगरा, कानपुर नगर, मथुरा आदि डेंगू व वायरल बीमारियों से प्रभावित जिलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। ऐसे अंत्योदय कार्डधारक परिवार जो प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अथवा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में से किसी में भी आच्छादित नहीं हैं। उन्हें मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल किया जाए। इस निर्णय से 40 लाख से अधिक अंत्योदय कार्डधारक परिवार लाभांवित होंगे।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि केंद्र व राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में अब तक 400 ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील हो चुके हैं। बचे हुए 155 प्लांट की स्थापना की कार्रवाई भी तेजी से की जा रही है। तकनीशियनों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि सभी जिलाधिकारी निर्माणाधीन प्लांट के कार्यों का नियमित निरीक्षण करें।
प्रदेश के चार चिकित्सा संस्थान शीर्ष 15 में
भारत सरकार की नेशनल इंस्टीट्यूट रैंकिंग फ्रेमवर्क में प्रदेश के चार चिकित्सा संस्थानों को शीर्ष 15 में स्थान मिला है। इस प्रतिष्ठित सूची में संजय गांधी पीजीआई 5वें, बीएचयू वाराणसी 7वें, केजीएमयू 9वें और एएमयू अलीगढ़ 15वें स्थान पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सूची में इन संस्थानों को शामिल किया जाना गौरवपूर्ण है। यह रैंकिंग दर्शाती है कि प्रदेश में चिकित्सीय सुविधाओं को स्तरीय स्वरूप दिया जा रहा है।
कृषि उत्पादन आयुक्त स्तर से हो गो-आश्रय की निगरानी: सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निराश्रित गो-आश्रय स्थल की निगरानी कृषि उत्पादन आयुक्त स्तर से कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी गो-आश्रय स्थलों में जरूरी व्यवस्थाओं का प्रबंध किया जाए। जिससे गायों को बीमारी और मौत से बचाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों, व्यापारियों और अन्य छोटे उपभोक्ताओं के लिए बिजली बकाए की एकमुश्त समाधान की कार्ययोजना जल्द तैयार की जाए। एकमुश्त योजना को पूर्णत: व्यावहारिक बनाया जाए।बिजली बिल में ओवरबिलिंग और फाल्स बिलिंग बिल्कुल न हो, तकनीक की मदद से इसका स्थाई समाधान निकाला जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए डीएम की अध्यक्षता में प्रत्येक माह और मंडलायुक्त की अध्यक्षता में प्रत्येक दो माह में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाए। जिलाधिकारी की बैठक में पुलिस अधीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और मंडलायुक्त की बैठक में आईजी/डीआईजी स्तर के अधिकारी जरूर शामिल हों। उन्होंने बाढ़/अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कहा। अधिकारियों ने सीएम को बताया कि राप्ती को छोड़कर शेष नदियाें का जल स्तर कम हो रहा है।