सदस्यता अभियान: मुख्यमंत्री योगी ने ली भाजपा की सदस्यता, बोले- दल से बड़ा देश है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा सदस्यता अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि आमजन में भाजपा के लिए स्वत: स्फूर्त भाव से सम्मान है। लोग हमसे जुड़ना चाहते हैं पर विरोधियों के दुष्प्रचार के कारण वो हम तक नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे में हमें खुद उन तक पहुंचना होगा।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हम सब दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में यहां सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। हम पहले से ही सदस्य हैं लेकिन पुनः साधारण सदस्य के रूप में सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। भारत के अंदर केवल भारतीय जनता पार्टी ही कैडर आधारित पार्टी है। यह पार्टी वर्तमान में पूरे देश में अपना सर्वव्यापी और समावेशी स्वरूप बनाने में सफल रही है। भाजपा कार्यकर्ता कह सकता है दल से बड़ा देश है। लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित भाजपा सदस्यता अभियान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों व भाजपा के पदाधिकारियों ने पार्टी की सदस्यता ली।
उन्होंने कहा कि आमजन में भारतीय जनता पार्टी के प्रति स्वतः स्फूर्त भाव से सम्मान है। वह भाजपा से जुड़ना चाहता है पर जब हम उस तक नहीं पहुंचते हैं तो उसे निराशा होती है। हम सब इस कार्यक्रम के साथ लगेंगे और साधारण सदस्य के साथ सक्रिय सदस्य भी बनाएंगे।
ये भी पढ़ें - यूपी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दी एक महीने की राहत, अब 2 अक्तूबर तक दे सकेंगे संपत्ति का ब्यौरा
ये भी पढ़ें - 69000 शिक्षक भर्ती: अभ्यर्थियों ने मंत्री आशीष पटेल के आवास का किया घेराव, तेज धूप और गर्मी के कारण चार की तबीयत बिगड़ी
उन्होंने कहा कि राम काज कीन्हें बिना मोहि कहां विश्राम। हम गरीब के पास जाएं जहां प्रधानमंत्री आवास मिला है उसके साथ सेल्फी लें और दिखाएं तो वह खुश होगा। हाल ही में 60 हजार सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण की है। हम दो साल में दो लाख सरकारी नौकरी और एक करोड़ निजी क्षेत्र में नौकरी लेकर आने वाले हैं। 60 लाख नौजवानों को स्टार्टअप के जरिए एंटरप्रेन्योर और उद्यमी बनाने का काम करने जा रही है। आपको उन तक पहुंचकर उन्हें जोड़ना है क्योंकि उनके मन में सम्मान तो है पर संकोच भी है। जब विरोधी दुष्प्रचार फैलाते हैं तो उनके मन में संकोच होता है। हमें इसे दूर करना हैं।
25 सितंबर तक चलेगा पहले चरण का अभियान
इसके पहले, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान प्रारंभ हो चुका है। पहले चरण का अभियान 2 सितंबर से 25 सितंबर और दूसरे चरण का अभियान एक अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। जनसंघ से लेकर भाजपा तक हमारे अभियान लगातार जारी हैं। लोग हमारी विचारधारा पर आरोप लगाते रहे पर हम आगे बढ़ते रहे। आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक भाजपा का संगठन है। दक्षिण भारत में भी हमने अच्छा प्रदर्शन किया है और मजबूत ताकत बनकर उभरे हैं।
इसके साथ ही भाजपा ने सदस्यता के लिए टोल फ्री नंबर 8800002024 और बारकोड जारी कर दिया है। इस नंबर पर मिस कॉल करके कोई भी भाजपा का सदस्य बन सकता है। कार्यक्रम में मौजूद सभी सदस्यों को एक साथ नंबर डायल कर सदस्यता दिलाई गई।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज हम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा कर रहे हैं। भारत आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। हमने धारा 370, 35 ए और तीन तलाक जैसे विषयों पर काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लक्ष्य देते हुए कहा कि हमें प्रत्येक बूथ पर कम से कम 200 सदस्य बनाने हैं।