मन की बात : सीएम योगी की अपील, 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ें देशवासी, 'बाघ मित्र' की पीएम ने की तारीफ
सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि चार स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल करते हुए ओवरऑल टैली में शीर्ष पांच में पहुंचकर विश्व में भारत का मान बढ़ाने वाली भारतीय टीम का हार्दिक अभिनंदन! इस उपलब्धि ने भारत की मेधा को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशवासियों से 'मन की बात' की। मुख्यमंत्री योगी ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखकर 'मन की बात' की तारीफ की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' में उनके उद्बोधन को प्रेरणादायी बताया। सीएम योगी ने इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम को भी शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम के जज्बे का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त 'स्वतंत्रता दिवस' के साथ जुड़े 'हर घर तिरंगा अभियान' को लेकर देशवासियों के अपार उत्साह की भी चर्चा की। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों से इस जनआह्वान से जुड़ने की अपील की।
देशवासियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करता है 'मन की बात' : सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम राष्ट्रीय चेतना और जन-जागरण का एक अद्वितीय एवं सशक्त माध्यम है। यह न केवल देशवासियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करता है, बल्कि हम सभी में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। सीएम ने लिखा कि इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए विषय आज जन-आंदोलन का रूप लेकर समूचे भारत को नई-नई दिशाएं प्रदान कर रहे हैं। 'स्वच्छ भारत अभियान', 'वोकल फॉर लोकल', 'हर घर तिरंगा' और 'एक पेड़ मां के नाम' जैसे अनेक अभियान इसके सशक्त प्रमाण हैं। आज उन्होंने कार्यक्रम में बढ़ते भारत और यहां विरासतों के संरक्षण की दिशा में हो रहे कार्यों पर प्रमुख रूप से चर्चा की है। इस विषय पर प्रेरणादायी उद्बोधन के लिए सीएम ने प्रधानमंत्री के प्रति हार्दिक आभार जताया।
इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड में मेधा ने भारत को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित कियाः सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम में इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम और उनके जज्बे व प्रतिभा का गौरवपूर्ण उल्लेख किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि चार स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल करते हुए ओवरऑल टैली में शीर्ष पांच में पहुंचकर समूचे विश्व में भारत का मान बढ़ाने वाली भारतीय टीम का हार्दिक अभिनंदन! इस उपलब्धि ने भारत की मेधा को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि टीम के सदस्य कनव तलवार ग्रेटर नोएडा, आदित्य वेंकट गणेश पुणे, सिद्धार्थ चोपरा पुणे, अर्जुन गुप्ता दिल्ली, रुशील माथुर मुंबई और आनंदो भादुरी गुवाहाटी के नेतृत्व में मिली यह ऐतिहासिक उपलब्धि असंख्य युवाओं के लिए अथाह प्रेरणा प्रदान करने वाली है। टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अjभार जताया।
स्वदेशी अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करने वाली पहल भारतीयों के जीवन में लाएगी समृद्धिः मुख्यमंत्री
सीएम योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम में 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प की सिद्धि की दिशा में स्वदेशी अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करने वाली एक अभिनव पहल का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपने पसंदीदा स्थानीय उत्पादों को #MyProductMyPride के साथ सोशल मीडिया पर साझा करने का आग्रह किया है। यह पहल लघु उद्योगों और कारीगरों को बढ़ावा देकर लाखों-करोड़ों भारतीयों के जीवन में समृद्धि लाएगी। सीएम ने आमजन से अपील की कि 'वोकल फॉर लोकल' के मंत्र को अंगीकार करते हुए अपने पसंदीदा स्थानीय उत्पादों की तस्वीरें #MyProductMyPride के साथ पोस्ट कर प्रधानमंत्री के इस पहल को सफल बनाएं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि इस प्रेरक पहल के लिए प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार!
सीएम की अपील- पीएम के आह्वान पर 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) पर 'हर घर तिरंगा' अभियान की भी चर्चा की। इससे जुड़ने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखकर राष्ट्रभक्तों की पावन स्मृतियों को नमन करने की अपील की।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम में 15 अगस्त 'स्वतंत्रता दिवस' के साथ जुड़े 'हर घर तिरंगा अभियान' को लेकर देशवासियों के अपार उत्साह की चर्चा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हम सभी से देश की शान तिरंगे के साथ पूर्व की भांति इस वर्ष भी अपनी सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर अपलोड करने का आह्वान किया है। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों से अपील करते हुए लिखा कि आइए, भारत माता के सभी वीर सपूतों, ज्ञात/अज्ञात अमर बलिदानियों और राष्ट्रभक्तों की पावन स्मृतियों को नमन करते हुए इस जन-आह्वान से हम सब जुड़ें।
सीएम योगी ने अक्टूबर 2023 में पीलीभीत में किया था बाघ मित्र एप का शुभारंभ
सोमवार को विश्व बाघ दिवस है। इसके पूर्व रविवार को 'मन की बात' के 112वें एपिसो़ड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीलीभीत के 'बाघ मित्र कार्यक्रम' की चर्चा और तारीफ की। पीलीभीत में पहले आए दिन मानव वन्य जीव संघर्ष की घटनाएं होती थीं। इस पर काफी हद तक अंकुश लगाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में 2019 में पीलीभीत में 'बाघ मित्र कार्यक्रम' प्रारंभ किया गया। वहीं पिछले वर्ष अक्टूबर 2023 में सीएम योगी ने पीलीभीत में ही 'बाघ मित्र ऐप' का शुभारंभ किया। वर्तमान में पीलीभीत में 120 से अधिक बाघ मित्र बनाए जा चुके हैं। इनमें चार महिलाओं समेत कई युवा, बुजुर्ग भी शामिल हैं। जो व्हाट्स ग्रुप पर बाघ या अन्य जानवरों की जानकारी उपलब्ध कराते हैं। इस पर तत्काल वन विभाग की टीम मुश्तैद होकर बाघ की लोकेशन लेते हुए आमजन की सुरक्षा में जुट जाती है।
2019 में शुरू हुआ बाघ मित्र कार्यक्रम, 2023 में सीएम योगी ने की ऐप की लॉचिंग
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि पहले पीलीभीत में आए दिन मानव वन्यजीव संघर्ष की अप्रिय घटनाएं होती थीं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में 2019 में पीलीभीत में बाघ मित्र कार्यक्रम प्रारंभ किया गया था। इसका उद्देश्य ऐसी अप्रिय घटनाओं पर अंकुश लगाना था। यह कार्यक्रम काफी प्रभावी रहा। इसके बाद 2023 अक्टूबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीलीभीत पहुंचकर बाघ मित्र ऐप की लॉचिंग भी की।
आठ वर्ष में पीलीभीत में तीन गुना बढ़े टाइगर
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की स्थापना 2014 में की गई थी। उस समय यहां 24 टाइगर थे। प्रदेश सरकार के निर्देश पर टाइगर के संरक्षण व संवर्धन पर कार्यक्रम शुरू किए गए। दुनिया भर में जितने भी बाघ हैं, उसके 70 फीसदी भारत में पाए जा रहे हैं। इसमें उत्तर प्रदेश का भी अमूल्य योगदान है। 2022 में पीलीभीत में टाइगर की गणना की गई थी। महज आठ वर्ष में यहां तीन गुना बाघ बढ़ गए। उस समय हुई गणना के मुताबिक अभी भी यहां 72 बाघ हैं। सरकार के सार्थक प्रयास के परिणाम भी दिखे हैं।
पीलीभीत में अब तक 120 बाघ मित्र जुड़े
प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि बाघ मित्रों का व्हाट्सग्रुप बनाया गया है। इसमें 120 बाघ मित्र जुड़े हैं। यह आसपास के गांवों के रहने वाले लोग हैं। इन्हें वॉलंटियर्स के रूप में जोड़ा गया है। इसमें चार महिलाएं समेत अन्य युवा, बुजुर्ग भी शामिल हैं। बाघ मित्र होने के लिए आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। बाघ मित्र के बारे में श्री सिंह ने बताया कि जंगल की समीप के पांच कमी. दूर के गांवों के ग्रामीणों को बाघ मित्र बनाया गया। उन्हें वन विभाग की तरफ से प्रशिक्षण दिया गया। बताया गया कि जंगल से बाहर बाघ या कोई अन्य जानवर दिखे तो तुरंत बाघ मित्र ग्रुप में इसकी सूचना दें, साथ ही फोन कर विभाग को भी जानकारी दें। इससे विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तत्काल अलर्ट हो जाते हैं और टीम को रवाना कर देते हैं। इसके जरिए समय रहते हमारी टीम एक्शन में आ जाती थी। वहीं बाघ मित्र ऐप में जानवर की फोटो खींचकर ग्रामीण अपडेट कर सकते हैं। कई बार वे जानवर की सही पहचान नहीं कर पाते थे। इससे दिक्कत होती थी। फोटो अपडेट होने पर विभागीय लोग जानवर को पहचान लेते हैं। इससे लोकेशन भी मिल जाती है कि जंगल से बाघ की दूरी कितनी है। यदि बाघ खेत के पास है तो पहले मॉनीटरिंग टीम भेजते हैं। बाघ मित्र कार्यक्रम निरंतर चलाकर लोगों को सजग, सुरक्षित रखते हैं।
पीएम से मिली सराहना बाघ मित्रों में नवीन उत्साह का संचार करेगीः सीएम योगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' में रविवार को 'बाघ मित्र कार्यक्रम' की सराहना की। इस पर मुख्यमंत्री ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम में जनपद पीलीभीत में संचालित 'बाघ मित्र कार्यक्रम' का विशेष उल्लेख किया है। इस कार्यक्रम में उनके द्वारा 'बाघ मित्र कार्यक्रम' पहल की सराहना निश्चित रूप से सभी बाघ मित्रों में नवीन उत्साह और ऊर्जा का संचार करेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाघों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु हम प्रतिबद्ध हैं।