‘लंबू’ व ‘छोटू’ की मदद करेंगे मुख्यमंत्री अखिलेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को ‘लंबू’ व ‘छोटू’ की मदद का भरोसा दिया। ‘लंबू’ यानी धर्मेंद्र प्रताप सिंह 8 फीट 1 इंच के हैं। वहीं 10 साल के दयानंद ढोलक वादन में मशहूर हैं। दयानंद का नाम सबसे उम्र के ढोलक वादक के रूप में दर्ज है।
36 वर्षीय धर्मेंद्र प्रतापगढ़ जिले के कसियाई नरहरपुर गांव के तो 10 साल के दयानंद भी इसी जिले के लाखीपुर का रहने वाला है। कक्षा 6 में पढ़ रहा दयानंद ढाई साल की उम्र से ही ढोलक बजाता रहा है।
प्रतापगढ़ के सदर विधायक नागेंद्र सिंह की गुजारिश पर मुख्यमंत्री ने दोनों को आर्थिक मदद देने का भरोसा दिया। दोनों शुक्रवार को मुख्यमंत्री से उनके आवास पर मिले।
धर्मेंद्र ने कहा-लोग चिढ़ाते हैं
धर्मेंद्र ने सीएम से कहा-असामान्य लंबाई के कारण मुझे तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लोग तरह-तरह के कमेंट करते हैं। धरती पर बोझ तक कह देते हैं। इस पर सीएम ने कहा, लंबे व्यक्ति को लंबू, छोटे को छोटू कहना तो चलता है। लोग हमें क्या-क्या नहीं कहते। दूसरे की टिप्पणियों पर चिंता क्यों करें?
दयानंद का भी बढ़ाया हौसला
सीएम ने दयानंद को भी ढोलक वादन के क्षेत्र में और बेहतर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। दयानंद के पिता देवी प्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि उनके तीन बच्चों में दयानंद सबसे छोटा है। उसकी प्रतिभा प्रकृति की देन है।
प्रतिभाशाली और जरूरतमंदों की मदद जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि असामान्य लंबाई वाले लोगों को रोजमर्रा के कामकाज करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्हें शरीर की जरूरत के हिसाब से पोषक तत्वों पर भी काफी खर्च करना पड़ता है। धर्मेंद्र ने बीए तक की पढ़ाई की लेकिन विपरीत परिस्थितियों के चलते एमए प्रथम वर्ष (हिंदी) से आगे की पढ़ाई नहीं कर सके।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली ढोलक वादक दयानन्द कक्षा-6 में पढ़ता है। ढोलक वादन के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में वह जगह बना चुका है। प्रतिभाशाली और विशिष्ट प्रयासों से प्रदेश व देश का नाम रोशन करने वालों की मदद जरूरी है।
प्रदेश सरकार ऐसे छात्र, नौजवानों और महिलाओं का सम्मान व सहयोग करती रहेगी। हाल ही में जनपद मेरठ के एक युवक को स्केटिंग की अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए चार लाख रुपये की मदद देने का निर्णय लिया गया है।
इस मौके पर राजनीतिक पेंशन मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल और मुख्यमंत्री के सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा भी मौजूद थे।