कमरे में बैठकर पीड़ित परिवार को क्या समझा रहे भाजपा के लोग: सीएम अखिलेश
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुलंदशहर गैंगरेप मामले में विपक्ष, खास तौर पर भाजपा पर हमला बोलते हुए पीड़ित परिवार को भड़काकर राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। पीड़ितों को इंसाफ मिलेगा।
सरकार इस घटना की सीबीआई जांच व पीड़ित परिवार की हर तरह की मदद करने को तैयार है लेकिन भाजपा को इस घटना पर राजनीति करने से बाज आना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा के लोग कमरों में बैठकर आखिरकार पीड़ितों को क्या समझा रहे हैं?
राजभवन में बृहस्पतिवार को उप लोकायुक्त की शपथ के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने भाजपा व अन्य दलों को घेरते हुए कहा कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए इस मामले को तूल दे रहे हैं।
उन्होंने घटना को दुखद और शर्मनाक बताते हुए विपक्षी दलों को इस पर राजनीति न करके विवेक से काम लेने की नसीहत भी दी।
'फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर दोषियों को दी जाएगी सजा'
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस मामले में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी, लेकिन सवाल यह है कि बीजेपी और अन्य दल कमरे में बैठकर आखिरकार पीड़ित लोगों को क्या समझा रहे हैं? क्या उन्हें राजनीति का रास्ता दिखा रहे हैं?
मीडिया को इन बातों को भी सामने लाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने बदायूं की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को कितना बदनाम किया गया, लेकिन सच्चाई क्या निकली?
बुलंदशहर की घटना पर आजम खां के विवादित बयान पर पूछे गए सवाल को सीएम टाल गए। मुख्यमंत्री ने मीडिया को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि स्टूडियो में मेकअप करके बैठने वाले उनकी बातों का गलत मतलब निकाल लेते हैं।
बरेली की घटना के बारे में उन्होंने कहा कि प्रेम करना कोई अपराध नहीं है। भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए इस मामले में भी बात का बतंगड़ बना रही है।