सरोजनीनगर। बंथरा के खटोला गांव में विधायक निधि से हाईमास्ट लाइट लगाने को लेकर बृहस्पतिवार शाम दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है। ग्राम प्रधान संतोष कुमार के मुताबिक, बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे गांव में हाईमास्ट लाइट लगाई जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान रामसुमिरन रावत, लखन, श्रवण, निखिल, अखिल और कुनाल ने उनके भाई मनोहर लाल, भाभी सुनीता और बेटे प्रियांशु पर कुल्हाड़ी, सरिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसमें तीन लोग घायल हो गए। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की।
वहीं, दूसरे पक्ष के लखन रावत का आरोप है कि संतोष पक्ष उनकी विवादित निजी जमीन पर कब्जा करने के लिए निर्माण करा रहा था। कोर्ट में मुकदमा लंबित होने की बात कहकर विरोध करने पर संतोष पक्ष के सचिन, मनोहर, राजकमल, विनय समेत महिलाओं और 15 अज्ञात लोगों ने उन पर और भाई रामसुमिरन पर हमला किया। रामसुमिरन ने आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह 7:45 बजे तीन बच्चों को वैन से स्कूल छोड़ने जाते समय संतोष, सचिन, कुलदीप समेत 12 लोगों ने पीछा कर लोहे की रॉड से हमला किया। इससे वैन में सवार बच्चे दहशत में आकर चीखने लगे। इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।