'जो यूपी में साढ़े तीन मुख्यमंत्री होने की बात करते हैं, उन्हें एक चेहरा नहीं मिल रहा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा के प्रदेश अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा, बसपा व कांग्रेस पर हमला बोला और युवाओं में खूब जोश भरा। उन्होंने कहा कि 2012 में युवाओं की बदौलत सरकार बनी थी और अगले विधानसभा चुनाव में भी जीत दिलाने में उनकी अहम भूमिका होगी। उन्होंने भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा न पेश कर पाने पर चुटकी ली और कहा कि जो यूपी में साढ़े तीन मुख्यमंत्री होने का दावा करते हैं, उन्हें मुख्यमंत्री का एक चेहरा नहीं मिल रहा है।
उन्होंने प्रदेश भर में समाजवादी रथयात्रा निकालने के साथ ही कुछ जिलों में साइकिल चलाने की भी घोषणा की। अखिलेश सपा मुख्यालय में लोहिया वाहिनी और मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड की प्रदेश कार्यकारिणी, जिला व नगर अध्यक्षों तथा महामंत्रियों की बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कई जिलों के युवा नेताओं से चुनावी तैयारियों की जानकारी ली। कहा कि युवाओं का भरोसा हमेशा समाजवादियों में रहा है। सपा में उन्हें सम्मान मिलता है। समाजवादी युवा ही जातिवाद और सांप्रदायिकता से मुकाबला कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला विधानसभा चुनाव देश का भविष्य तय करेगा। हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि दूसरे लोग समाज को बांटने की कोशिश करेंगे। इसके लिए तमाम हथकंडे अपनाएंगे। जनता ऐसे लोगों की असलियत समझ गई है। युवाओं को विरोधियों के भ्रामक प्रचार का जवाब देना है और सरकार के विकास कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाना है।
आरएसएस के लोग कर रहे हैं गुपचुप बैठकें
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों को समाजवादियों के विकास कार्यों से चिढ़ है। सपा सरकार ने जितना काम किया है, उतना किसी और सरकार ने नहीं किया।
उन्होंने कहा, भाजपा सद्भाव बिगाड़ने के लिए षड्यंत्र रचती है। वे जितना षड्यंत्र करेंगे, हम उतने ही मजबूत होंगे। आरएसएस की तरफ इशारा करते हुए कहा कि वे जहां-तहां गुपचुप बैठकें कर रहे हैं, भ्रम और अफवाहें फैलाने की कोशिशें कर रहे हैं।
बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बसपा राज में लूट और टिकट बेचे जाने की बात नई नहीं है। उन्होंने कांग्रेस को भी नहीं बख्शा। कहा, कांग्रेस में साजिश करने वाले चालू लोग हैं। विपक्षी दल चुनाव में खूब लड़ लें, लेकिन सरकार सपा की ही बनेगी।
बैठक में मंत्री राजेंद्र चौधरी, अरविंद सिंह गोप, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश उत्तम, सचिव एसआरएस यादव, अमिताभ वाजपेयी, निर्भय पटेल, संजय लाठर, नईमुल हसन, आनंद भदौरिया, सुनील यादव साजन, गौरव दुबे, डॉ. राजपाल कश्यप, दिग्विजय सिंह, उयवीर सिंह, राजेश यादव उपस्थित रहे।
दो-तीन जिलों मे उठी प्रत्याशी बदलने की मांग
कानपुर समेत दो-तीन जिलों के नेताओं ने प्रत्याशी बदलने की मांग उठाई। इस पर सीएम ने कहा कि सभी मंडलों में दो-दो एमएलसी को प्रभारी बनाकर भेजा गया है। उनकी रिपोर्ट आने दीजिए। टिकट का मसला हमारे और नेताजी (मुलायम सिंह) के ऊपर छोड़ दीजिए। अभी बहुत समय है, इसे देख लेंगे। अच्छे प्रत्याशी उतारे जाएंगे।
शिकायत पर तत्काल कार्रवाई
बैठक के दौरान अलीगढ़ के एक युवा नेता ने कहा कि उनकी बहन को ससुराल वालों ने जला दिया है। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज हो गई है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो रही। इस पर सीएम ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
भाजपा को नहीं मिल रहा सीएम का चेहरा
अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग हमारी सरकार में साढ़े तीन मुख्यमंत्री होने के आरोप लगाते हैं, उन्हें प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए एक भी चेहरा नहीं मिल रहा।
इतनी बुजुर्ग हैं, उनके लिए क्या कहें
कांग्रेस द्वारा शीला दीक्षित को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने पर अखिलेश ने चुटकी ली। कहा, कांग्रेस ने जो चेहरा उतारा है, वे इतनी बुजुर्ग हैं कि उनके बारे में क्या कहें? हम बुजुर्गों से नहीं लड़ेंगे।
युवा गदगद, सभी को दिया बोलने का मौका
बैठक में मुख्यमंत्री ने युवाओं को बोलने का खूब मौका दिया। इससे युवा गदगद नजर आए। सीएम सभागार में पहुंचे तो मेरठ के अमित सिवाच बोल रहे थे। इसके बाद दोनों संगठनों के करीब 20 लोगों ने अपनी बात रखी। सीएम ने उनकी कई बातों का तत्काल ही जवाब दिया।
एक युवा नेता ने कहा कि मंत्री और विधायक उन्हें तवज्जो नहीं देते, क्योंकि वे किसी गुट में न होकर मुख्यमंत्री के साथ हैं। बैठक का संचालन कर रहे यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष एबाद अहमद और लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने जिलावार लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने की मांग की।
इस पर सीएम ने सूची उपलब्ध कराने का भरोसा देने के साथ ही सभी लाभार्थियों से व्यक्तिगत तौर पर संपर्क करने को कहा।