लखनऊ। गोमतीनगर स्थित बौद्ध शोध संस्थान के प्रेक्षागृह में सोमवार की शाम बच्चों की मासूमियत, उनकी अदाओं और शानदार नृत्य के नाम रही। इस दौरान मंच पर न सिर्फ बच्चे जमकर झूमे बल्कि उन्होंने हॉल में मौजूद अपने मम्मी-पापा समेत सभी दर्शकों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा बच्चों ने नाटकों के मंचन में भी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया।
मौका था हैप्पी ऑवर्स समर कैंप के 11वें संस्करण के समापन का जहां रंगारंग ग्रैंड फिनाले में बच्चों की रचनात्मकता दिखाई दी। क्यूरेटर वैष्णवी भाटिया के निर्देशन में बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान मंच पर मनमोहना, टाइगर और खरगोश के अलावा द मैजिकल स्कूल ट्रिप जैसे नाटकों के मंचन में नन्हे-मुन्नो से सभी को अपने अभिनय से मंत्रमुग्ध कर दिया। लेखन और निर्देशन अभिषेक सिंह व सोम का रहा। इसके बाद शुरू हुई नृत्य प्रस्तुतियों में लेट्स नाचो..., क्रेजी फ्रॉग..., रंग दे बसंती... और आरंभ है प्रचंड... जैसे गीतों पर बच्चों ने खूब धमाल मचाया। कोरियोग्राफी में इशिता व काजल भाटिया का योगदान रहा। संचालन अर्चिता राय ने किया। इस अवसर पर अंशुल राय, विकास दुबे आदि मौजूद रहे।