सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ने इस तरह से पकड़वाए चेन लुटेरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ठाकुरगंज पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दो लुटेरों को दबोचने के साथ वारदात के लिए बाइक चुराने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से लूटी दो चेन, रिवॉल्वर, नगदी व चोरी की बाइक बरामद हुई।
बदमाशों ने लूट की पांच वारदात कुबूलने के साथ लूट का माल खरीदने वाले अमीनाबाद के एक व्यापारी का नाम उजागर किया है। उसकी तलाश की जा रही है।
एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि ठाकुरगंज की सत्यमपुरी कॉलोनी में बुधवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने पति के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली थी।
इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे ने लुटेरों की करतूत रिकॉर्ड कर ली। एसओ ठाकुरगंज समर बहादुर यादव ने फुटेज के फोटो तैयार कराए और कांस्टेबल सुनील पाल, आशुतोष राय, मृत्युंजय लाल, जाकिर हुसैन व अमित कुमार को बदमाशों का सुराग लगाने के लिए विभिन्न मोहल्लों में भेजा।
इनके साथ एसआई रामबहादुर पाल व जनार्दन सिंह यादव ने बालागंज व कैंपबेल रोड पर बदमाशों की तलाश शुरू की। इलाके के लोगों ने फुटेज देखकर लुटेरों को पहचानने के साथ पुलिस टीम को उनका ठिकाना बताया और मोहल्ला आजादनगर के ए-ब्लॉक निवासी नि:शक्त मो. अबरार व मो. हाशिम को बृहस्पतिवार रात हरदोई रोड स्थित सफेद मसजिद के पास से चोरी की बाइक के साथ पकड़ा गया।
गिरफ्तार किए गए अपराधी
उनके साथ मुफ्तीगंज की सुनारों वाली गली निवासी संदीप कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। हत्थे चढ़े मो. अबरार ने खुलासा किया कि वह कबाड़ का भी काम करता है। 12 साल पहले सड़क हादसे में उसका दाहिना पैर बेकार हो गया था।
चोरी का माल खरीदने के आरोप में जेल की हवा खा चुके अबरार ने कहा कि जरी का काम करने वाले हाशिम को स्मैक की लत है। उसके साथ वह भी स्मैक पीने लगा।
अबरार व हाशिम ने कुबूला कि दो महीने पहले बीयर शॉप के सामने बस का इंतजार कर रही महिला से सोने की चेन लूटी थी। इसे अमीनाबाद स्थित मॉडर्न ज्वैलर्स पर पांच हजार में बेचा।
तीन हफ्ते पहले इंदिरानगर के सेक्टर-20 में रिंगरोड चौकी के पीछे एक महिला का पर्स लूटा। दोनों ने कुबूला कि अपने दोस्त संदीप की मदद से साल भर पहले बालागंज के सरदारनगर से एक बाइक चोरी की थी। उसी से हाशिम व अबरार लूट की वारदात अंजाम देते थे और कुछ रुपये संदीप को दे देते थे।