कोरोना संक्रमण फैलाने व छिपाने पर तब्लीगियों सहित 175 के खिलाफ मुकदमें दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना संक्रमण को फैलाने, इसे छिपाने और लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस ने 11 थानों में मुकदमे दर्ज किए हैं। लॉकडाउन के दौरान दर्ज इन 27 मुकदमों में 175 से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें 23 विदेशी, 5 मुतवल्ली व गाइड के अलावा, तब्लीगी जमात से जुड़े व स्थानीय लोग शामिल हैं। पुलिस इन मुकदमों में बनाए गए आरोपियों की लगातार निगरानी कर रही है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीन अरोरा के मुताबिक शुरुआती दौर में तब्लीगी जमात के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें 23 विदेशी, 5 मुतवल्ली व गाइड शामिल हैं। ये मुकदमे काकोरी, कैसरबाग, मड़ियांव, सरोजनीनगर में दर्ज किए गए हैं। इन सभी पर कोरोना का संक्रमण फैलाने के आरोप हैं। इन मुकदमों में जिन विदेशी नागरिकों को आरोपी बनाया गया है, पुलिस ने उनके पासपोर्ट व वीजा जब्त कर लिए हैं। इनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने के साथ ही उन्हें काली सूची में डाल दिया गया है।
इसके बाद सभी को दोबारा 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके अलावा पुलिस ने 12 अन्य थानों में मुकदमें दर्ज किए हैं। इनमें कैंट, कैसरबाग, गाजीपुर, हसनगंज, चौक, वजीरगंज, तालकटोरा, गुडंबा, गोमतीनगर व मड़ियांव शामिल हैं। इन थानों में दर्ज मुकदमों में 136 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने इस दौरान कुल 175 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक लखनऊ में 1229 मदरसों की सूची तैयार की है। इन मदरसों में आने-जाने वाले लोगों का ब्यौरा खंगाला जा रहा है।
दिल्ली में दर्ज मुकदमे के 28 आरोपी लखनऊ में
संयुक्त पुलिस आयुक्त के मुताबिक दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन मरकज में कोरोना संक्रमण के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें 28 ऐसे लोग आरोपी हैं जो लखनऊ के हैं। दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट पर इन आरोपियों की तलाश की जा रही है। इनमें से मिले तीन लोग कोरोना संक्रमित हैं। जबकि अन्य की तलाश जारी है।
रोजाना औसतन 21 मुकदमे दर्ज हो रहे
संयुक्त पुलिस आयुक्त के मुताबिक लखनऊ कमिश्नरेट में लॉकडाउन के दौरान प्रतिदिन औसतन 21 मुकदमे दर्ज किए गए। लॉकडाउन के पहले 21 दिनों में कुल 442 मुकदमें दर्ज किए गए। इस दौरान कुल 71 आपराधिक मामले दर्ज हुए। जिनमें से 236 को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों में से ज्यादातर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।