यूपी चुनाव 2022: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल बोले- अगले पांच साल के लिए फिर लाएं योगी सरकार
कैबिनेट मंत्री पीयूष गोयल ने लखनऊ में वैश्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है। 2022 में एक बार फिर भाजपा सरकार बनवा कर डबल इंजन की सरकार का लाभ लें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले और कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अगले पांच साल के लिए फिर योगी सरकार को लेकर आएं। देश में सबसे अच्छी तरह से यूपी में ही ओडीओपी स्कीम लागू हुई है। हैंडीक्राफ्ट और निर्यात के प्रोत्साहन के लिए बाजार से जुड़ाव बेहद जरूरी है।
पीयूष गोयल ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रविवार को हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और निर्यातकों की समस्याओं व सुझावों को भी सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हस्तशिल्पियों और कारीगरों को बढ़ावा देने का काम राज्य और केंद्र, दोनों ही सरकारें कर रही हैं। बेहतर लीडरशिप और बाजार से जुड़ाव के लिए संस्थाओं और जानकार लोगों के भी आगे आने की जरूरत है। केंद्र सरकार को भी अपने सुझाव दें, ताकि उनके अनुसार नीतियां बन सकें।
केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने कहा कि लखनऊ के आसपास चिकन के कारीगर बड़ी संख्या में है, लेकिन इस कला का फायदा इन कारीगरों से ज्यादा बिचौलिये उठा रहे हैं। इसलिए कारीगरों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। इन कारीगरों को बढ़ावा दिए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कारीगर और हस्तशिल्पी सरकार की योजनाओं का अधिकाधिघक लाभ उठाएं। कार्यक्रम में महिलाओं, कारीगरों और हस्तशिल्पियों को टूल किट्स भी वितरित की गईं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से निर्यातकों ने कहा कि स्कूल-कॉलेज स्तर पर बालिकाओं के लिए हस्तशिल्प की ट्रेनिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए सरकार आर्थिक मदद भी दे।
डबल इंजन की सरकार का लाभ लीजिए
गोयल ने कहा कि समुद्र तट से जुड़े राज्यों को छोड़ दें तो सबसे ज्यादा निर्यात यूपी से होता है। निर्यात बढ़ने से रोजगार, व्यापार और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। प्रदेश में अच्छे नेतृत्व की सरकार बनाने का दायित्व भी वैश्य व व्यापारी समाज का है। प्रदेश की 24 करोड़ जनता के लिए 2022 में फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाकर डबल इंजन की सरकार का लाभ लीजिए।
पीयूष गोयल ने कहा, योगी शासन में उद्यमियों को नहीं पड़ती सिफारिश की जरूरत
केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यूपी में योगी सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। अब प्रदेश में उद्यमी को उद्यम स्थापना के लिए किसी सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ती है। मोदी-योगी सरकार के डबल इंजन की ताकत से यूपी न सिर्फ देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है, बल्कि लीड्स रैकिंग में भी दूसरे स्थान पर है। वे रविवार को उप्र. उद्योग व्यापार संगठन की ओर से राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित वैश्य-व्यापारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, नए राजमार्ग, नए एयरपोर्ट और गंगा में क्रूज बोट जैसी सुविधाएं शुरू होने से औद्योगिक माहौल बना है। इससे देश ही नहीं दुनिया का हर बड़ा उद्यमी निवेश कर यूपी में उद्योग स्थापित करना चाहता है। इस विकास का व्यक्तिगत जीवन और व्यापार में भी असर देखने को मिल रहा है। कोरोना महामारी के दौरान भी योगी सरकार ने जीवन और जीविका दोनों को बचाने की चिंता की।
गोयल ने कहा कि महामारी का मुकाबला करने के बाद अब देश को तेज गति से आगे बढ़ाना है। पूरा विश्व भारत की तरफ देख रहा है। हर कोई भारत में व्यापार व व्यापारिक संबंध बनाना चाहता है। सम्मेलन को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, विधानसभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल, भाजपा के प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने भी संबोधित किया।
15 दिन का समय भाजपा को दे वैश्य समाज : स्वतंत्र देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि 2022 में भगवान राम के लिए भाजपा की सरकार बनानी है, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पूरा करना है। भाजपा को व्यापारी और वैश्य समाज की पार्टी कहा जाता है, भाजपा को मजबूत बनाने में इस समाज का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान व्यापारी व वैश्य समाज 15 दिन का समय भाजपा को दे और चुनाव प्रचार में जुट जाए। भाजपा के पक्ष में शत प्रतिशत मतदान कर व कराकर सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएं। योगी सरकार ने व्यापारियों को व्यापार के अनुकूल माहौल दिया है।
सपा-बसपा शासन में प्रताड़ित होते थे व्यापारी : अग्रवाल
पूर्व राज्यसभा सदस्य नरेश अग्रवाल ने कहा कि 2007 से लेकर मार्च 2017 तक बसपा-सपा शासन में व्यापारियों को प्रताड़ित किया जाता था। लेकिन योगी सरकार ने गुंडाराज खत्म कर व्यापार के अनुकूल माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि व्यापारी को कारोबार के लिए अच्छा माहौल चाहिए, इसलिए 2022 में फिर योगी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि तन और मन तो कोई भी दे सकता है, लेकिन धन सिर्फ व्यापारी ही दे सकता है। वैश्य समाज की आबादी 12 फीसदी है, लिहाजा समाज को कम से कम 6 प्रतिशत सीट तो मिलनी चाहिए।