बड़ी खबर: यूपी के गवर्नर ने दिया इस्तीफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छह राज्यों के गवर्नरों को बदलने की कयासबाजी के बीच यूपी के राज्यपाल बीएल जोशी ने इस्तीफा दे दिया है।
खबर आ रही है कि बीएल जोशी ने अपनी इस्तीफे की फाइल गृह मंत्रालय को भेज दी है।
जोशी के इस्तीफे की वजह मोदी की प्लानिंग को बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मोदी ने पांच अन्य राज्यों के साथ यूपी के राज्यपाल को भी हटाने का मन बना लिया था।
इससे पहले ही राज्यपाल ने अपना इस्तीफा राजनाथ सिंह के पास भेज दिया है।
कौन बनेगा अगला राज्यपाल?
खबर है कि बीएल के बाद अब यूपी का राज्यपाल बनने के लिए भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता लगे हुए हैं।
यूपी से दो वरिष्ठ भाजपा नेता लालजी टंडन और मुरली मनोहर जोशी को क्रमशः मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया जा सकता है। यूपी के किसी नेता को यूपी का राज्यपाल नहीं बनाया जा सकता।
ऐसे में, मुमकिन यह भी है कि भाजपा संगठन व सरकार किसी अन्य राज्य के तीसरे चेहरे को यूपी के गवर्नर की गद्दी पर बैठा दे। इसमें संघ का भी दखल हो सकता है।
जानिए, कौन हैं बीएल जोशी
27 मार्च, 1936 को जन्मे बनवारी लाल जोशी जुलाई, 2009 से यूपी के राज्यपाल हैं। इसके पहले वह 2004 से 2007 तक दिल्ली के भी लेफ्टिनेंट गर्वनर रह चुके हैं।
बीएल जोशी को कांग्रेस सरकार ने 2007 में मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया और कुछ ही महीने बाद अक्तूबर 2007 में उन्हें उत्तराखंड का राज्यपाल बना दिया गया।
राजस्थान के नागौर जिले के एक छोटे से गांव छोटी काठू में जन्मे बीएल जोशी ने 1957 में अपना करियर स्टेट पुलिस से शुरू किया और 1962 में वह भारत सरकार को सेवा देने लगे।
अमेरिका में भी किया काम
बीएल जोशी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में गृह मंत्रालय में काम किया।
इंदिरा गांधी के कार्यकाल में वे लंदन और इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन भी रहे। 1991 में उन्होंने आईपीएस से वॉलंटरी रिटायरमेंट लिया और समाज सेवा करने लगे।
भारत सरकार को अलविदा कहने के बाद 1993 में जोशी अमेरिका चले गए और वहां की दो बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनियों के साथ काम किया।
जोशी एक कैलिफोर्निया स्थित एक अंतरराष्ट्रीय एनजीओ के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी रहे। यह एनजीओ भारत के गरीब व योग्य बच्चों को स्कॉलरशिप देता है।
इन्हें भी बदलने की हो रही सुगबुगाहट
उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि कई अन्य प्रदेशों में भी राज्यपाल बदले जाने की सुगबुगाहट हो रही है।
इनमें पश्चिम बंगाल के राज्यपाल एम.के नारायनन, केरल की राज्यपाल शीला दीक्षित, राजस्थान की मारग्रेट अल्वा के अलावा गुजरात की कमला बेनीवाल, महाराष्ट्र के के.शंकरनारायनन और त्रिपुरा के देवेंद्र कोंवर का नाम सामने आ रहा है।
सियासत के गलियारे में एनडीए सरकार की ओर से की जा रही इस जल्दबाजी का विरोध भी किया जा रहा है। कई नेताओं ने खुलकर राज्यपालों को हटाने की निंदा की है, वहीं केरल की राज्यपाल शीला दीक्षित ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है।