मिशन यूपी के लिए सपा सरकार से सीधे जंग छेड़ेगी भाजपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ 22 से 30 जून तक आंदोलन चलाने का फैसला किया है। साथ ही केंद्र सरकार के फैसलों का श्रेय पार्टी को दिलाने में जुटने का भी निर्णय किया गया।
यह भी फैसला हुआ कि केंद्र सरकार से आने वाली सहायता संबंधित लोगों को दिलाने में भी पार्टी कार्यकर्ता जुट जाएं। प्रदेश मुख्यालय पर शुक्रवार को संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में यह फैसले किए गए।
बैठक में पंचायत चुनाव की तैयारियों पर भी बातचीत हुई। साथ ही प्रदेश प्रभारी ओम माथुर की तरफ से पदाधिकारियों को जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव क्षेत्र के निर्धारण प्रक्रिया पर गहरी नजर रखने का सुझाव दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश प्रभारी माथुर ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से जनकल्याण की कई योजनाएं शुरू की गई हैं। बताया कि प्रदेश के गन्ना किसानों को राहत देने के लिये 6000 करोड़ रुपये की मदद देते हुए बकाया भुगतान को संबंधित किसानों के जनधन खाते में जमा कराने का फैसला महत्वपूर्ण है।
इन मुद्दों पर भी दी गई जानकारी
पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के माध्यम से इस पर नजर रखें और जानकारी लेते रहें कि किसानों का बकाया भुगतान हो रहा है या नहीं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बैठक में नमामि गंगा और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के बारे में संगठन की तरफ से की गई तैयारियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गंगा के प्रवाह वाले क्षेत्रों में संगठन अलग से इकाइयां गठित करेगा। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का प्रमुख पार्टी उपाध्यक्ष सरिता भदौरिया और सह प्रमुख संयुक्ता भाटिया को बनाया गया है।
16 से 20 तक सक्रिय सदस्यता
बैठक में तय हुआ कि कानून-व्यवस्था, किसानों को सहायता देने में हीलाहवाली और पक्षपात, बिजली की किल्लत सहित जनता से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर 22 से 30 जून तक जिला मुख्यालयों पर आंदोलन किया जाए।
साथ ही पार्टी की तरफ से महासंपर्क अभियान को सफल बताते हुए 16 से 20 जून तक प्रदेश भर में सक्रिय सदस्यता कराने का फैसला हुआ। यह भी तय हुआ कि 15 से 30 जुलाई तक शिविर लगाकर सक्रिय सदस्यता कराई जाए। सक्रिय सदस्यता के फार्म 15 जुलाई तक जमा किए जाएंगे।