यूपी चुनाव 2022: भाजपा के बूथ विजय अभियान का आगाज, नड्डा बोले- गांव, गरीब और किसान पर फोकस
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को 27,700 शक्ति केंद्र प्रभारियों को वर्चुअली संबोधित किया। इसी क्रम में 24 सितंबर को पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन होगा। इसमें पन्ना प्रमुखों को उनके कामकाज का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा का बूथ विजय अभियान शनिवार 11 सितंबर से शुरू हो गया। अभियान विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर मतदान के दिन तक चलेगा। इसका आगाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं। आइए जानते हैं उनके संबोधन की प्रमुख बातें...
- भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपना संबोधन शुरू करते हुए कहा कि आज मुझे बूथ विजय अभियान में आप सबके साथ शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मैं अपनी ओर से और पार्टी की ओर से आप सबका धन्यवाद करता हूं।
- मैं विश्व के लोकप्रिय नेता पीएम नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने उत्तर प्रदेश की महान संस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक समृद्धि को अक्षुण्ण रखते हुए इसके संरक्षण, संवर्धन के लिए अथक प्रयास किए हैं।
- मैं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का भी उल्लेख करना चाहूंगा, जिनका संबंध उत्तर प्रदेश से रहा, उन्होंने देश और दुनिया को राजनीति के एक नए संस्कार से जोड़ते हुए महान भारत देश की सेवा की। मैं ऐसी महान विभूति को भी नमन करता हूं।
- हमारे लिए गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व देश में जातिवाद, परिवारवाद, वंशवाद और सम्प्रदायवाद की राजनीति का अंत हुआ है और विकास की राजनीति प्रतिष्ठित हुई है।
- मोदी जी के नेतृत्व में 2017 में भाजपा ने 325 सीटे जीतकर इतिहास रचा था। 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव में भी उत्तर प्रदेश की जनता ने विकास की राजनीति को अपना समर्थन दिया था।
- भाजपा संघर्ष से समाधान की यात्रा से बनी है। पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी ताकत है, हम बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर यहां तक पहुंचे हैं। हमारे हर कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी भूमिका होती है।
- मुझे खुशी भी है और पूर्ण विश्वास भी है कि उत्तर प्रदेश की जनता का भरपूर आशीर्वाद योगी आदित्यनाथ की सरकार को मिलेगा। जनता के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में पुनः प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनना तय है।
- भाजपा के कार्यकर्ताओं की शक्ति ही हमारे लिए अमूल्य है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'सेवा ही संगठन' के दोनों कार्यक्रमों के तहत मानव सेवा और कर्मठता की मिशाल पेश की है।
- हमारा बूथ कोरोना मुक्त अभियान काफी सफल रहा है। कोई विश्वास नहीं करता था कि कोरोना मुक्त बूथ बनाने में भाजपा या भाजपा कार्यकर्ता आकर ऐसा कार्य करेंगे। हमारे कार्यकर्ताओं ने संकट के समय, विषम परिस्थितियों में मानवता की सेवा का अनुपम कार्य किया।
- नड्डा ने कहा कि आजादी के 70 वर्षों में कृषि के विकास और किसानों के कल्याण के लिए जितना काम नहीं हुआ उससे कहीं अधिक काम पिछले साढ़े सात वर्षों में प्रधानमंत्री जी ने करके दिखाया है। एमएसपी पहले भी थी, है और रहेगी, किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं।
- कांग्रेस, सपा और बसपा सहित सभी विपक्षी पार्टियों ने MSP पर देश के किसानों को गुमराह करने की बहुत कोशिश की। लेकिन आज देश में किसानों से MSP पर रिकॉर्ड खरीद हो रही है। मैं एक बार पुनः ये साफ कर देना चाहता हूं कि MSP थी, MSP है और MSP रहेगी। किसान हमारे लिए भाग्यविधाता हैं, उनकी भलाई के लिए जो भी आवश्यक है वो हम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
- रबी और खरीफ फसलों में सबसे अधिक MSP मोदी सरकार में मिल रही है। हाल ही में रबी फसलों में 40 रुपये से 400 रुपये तक प्रति क्विंटल MSP में बढ़ोतरी की गई है। MSP पर सर्वाधिक खरीद और किसानों को सर्वाधिक भुगतान यदि किसी सरकार में हुआ है तो वो मोदी सरकार में हुआ है।
- मोदी सरकार ने ही किसानों को देश में कहीं भी मनपसंद मूल्य पर अपनी फसल बेचने की आजादी दी है, किसानों के लिए तीन हजार रुपये मासिक पेंशन की व्यवस्था की। मोदी सरकार ने ही कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर में व्यापक सुधार के लिए एक लाख करोड़ रुपये का पैकेज दिया।
- भारतीय जनता पार्टी के लिए सर्वोपरि है- लक्ष्य है- अंत्योदय से गरीबी का उन्मूलन। धर्म है- सेवा ही संगठन। भारत फोकस है- गांव, गरीब और किसान का विकास। जीरो टॉलरेंस नीति है- आतंकवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ।
- सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों में अराजकता का मिश्रण था, गरीब को वोट बैंक समझा जाता था। अब मोदी जी और योगी जी की सरकार में गरीब और गरीबी का सर्वांगीण विकास हो रहा है।
- एक समय था जब यूपी में भगवान श्रीराम का नाम लेना भी दूभर हो गया था, भगवान राम के सेवकों पर गोलियां चलाई गई थी, कांग्रेस ने तो भगवान श्रीराम के अस्तित्व को ही मानने से इनकार कर दिया था। आज सपा, बसपा और कांग्रेस सुविधा की राजनीति करने लगे हैं। आज 500 वर्षों के बाद अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि के भव्य निर्माण का काम भी माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रयासों से शुरू हुआ है।
- देश में वैक्सीन की उत्पादन क्षमता को काफी बढ़ाया गया है। दिसंबर महीने तक हमारे पास 135 करोड़ कोविड वैक्सीन की डोज उपलब्ध हो जाएगी। दिसंबर के अंत तक हम शत-प्रतिशत आबादी को वैक्सीन की डोज लगाने में सफल होंगे।
- देश में कई राजनेता हैं जो संसद सत्र के दौरान भी छुट्टी मनाने के लिए विदेश जाते हैं। कोरोना के दौरान बीजेपी को छोड़कर अन्य हर पार्टी के नेता लॉकडाउन के दौरान घरों में क्वारंटीन रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर जरूरतमंदों की मदद करना अपना कर्तव्य समझा।
- उत्तर प्रदेश में चार एक्सप्रेस वे बनाएं जा रहे हैं, ये केवल एक्सप्रेस वे नहीं बल्कि डेवेलपमेंट एक्सप्रेस वे हैं। इनसे न केवल रोजगार बढ़ेगा, बल्कि उद्योग भी लगेंगे और निवेश भी आएगा। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार आने से पहले देश की जीडीपी में यूपी का योगदान 10.90 लाख करोड़ रुपये था। जबकि अब यह लगभग दोगुना 21.73 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उत्तर प्रदेश में योगी जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में निवेश 11 लाख करोड़ से बढ़कर 22 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।
- सभी सर्वेक्षणों के अनुसार, लोगों के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में भाजपा की शानदार जीत निश्चित है। यूपी ही नहीं उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी बीजेपी की वापसी तय है।
बूथ जीतने का मंत्र दिया
नड्डा ने शनिवार को 27,700 शक्ति केंद्र प्रभारियों को वर्चुअली संबोधित कर बूथ जीतने का मंत्र दिया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ का मंत्र दिया है। पार्टी की ओर से करीब 1.60 लाख बूथों पर बूथ समितियों का गठन कर उसका सत्यापन किया जा रहा है। इसके बाद बूथ विजय अभियान के तहत अब 20 सितंबर तक पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति की जाएगी।
24 सितंबर को पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन होगा। इसमें पन्ना प्रमुखों को उनके कामकाज का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन होगा। राठौर ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में भी बूथ समितियों के सदस्य नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ उन्हें पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे। बूथ विजय अभियान के तहत बूथ समितियों और पन्ना प्रमुख लगातार क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों और कार्यक्रमों के आयोजन के साथ जनता से संपर्क और संवाद करेंगे।